अन्य खबरें

इंसानों की तरह गायों के भी होते हैं Best Friend, बिछड़ने पर होता है डिप्रेशन, रिसर्च में हुआ खुलासा!

Intresting Facts : दुनिया में इंसानों और जानवरों के रिश्तों को लेकर कई रिसर्च सामने आती रहती हैं, लेकिन हाल ही में गायों पर हुई एक स्टडी ने लोगों को हैरान कर दिया है. इस शोध में पता चला है कि गायें भी इंसानों की तरह गहरी दोस्ती निभाती हैं और अपने पसंदीदा साथियों से भावनात्मक जुड़ाव महसूस करती हैं. इतना ही नहीं, जब उन्हें उनके खास दोस्त से अलग किया जाता है, तो वे तनाव और उदासी जैसी स्थिति का सामना करने लगती हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि यह शोध जानवरों की भावनाओं और सामाजिक व्यवहार को समझने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है.

यह रिसर्च ब्रिटेन की एक यूनिवर्सिटी से जुड़ी वैज्ञानिक क्रिस्टा मैकलेनन द्वारा की गई है. अध्ययन के दौरान यह पाया गया कि गायें झुंड में रहते हुए कुछ खास गायों के साथ ज्यादा समय बिताना पसंद करती हैं. वे उन्हीं के साथ खाना खाती हैं, आराम करती हैं और ज्यादा अच्छा महसूस करती हैं. वैज्ञानिकों ने इसे इंसानों की बेस्ट फ्रेंड वाली भावना से जोड़कर देखा.

रिसर्च में क्या मिला ?

रिसर्च के दौरान गायों के व्यवहार और दिल की धड़कन पर खास नजर रखी गई. जब गायों को उनके पसंदीदा साथी के साथ रखा गया, तब वे शांत और सामान्य दिखाई दीं. उनकी हृदय गति भी संतुलित रही. लेकिन जैसे ही उन्हें उनके करीबी साथी से अलग कर किसी अनजान गाय के साथ रखा गया, उनके व्यवहार में बदलाव साफ दिखाई देने लगा. वैज्ञानिकों ने पाया कि उस स्थिति में गायों का तनाव बढ़ गया और उनकी दिल की धड़कन तेज हो गई.

बिछड़ने पर हो जाता है डिप्रेशन

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह केवल भावनात्मक बदलाव नहीं था, बल्कि इसका असर गायों की सेहत और रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी देखने को मिला. कई गायों ने कम खाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ के दूध उत्पादन में भी गिरावट दर्ज की गई. इससे यह साबित होता है कि गायें सिर्फ सामाजिक प्राणी ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी बेहद संवेदनशील होती हैं.

विशेषज्ञों का मानना है कि यह अध्ययन पशु कल्याण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है. अगर गायों की भावनाओं और उनके सामाजिक संबंधों को ध्यान में रखकर उनकी देखभाल की जाए, तो उनकी सेहत और उत्पादकता दोनों बेहतर हो सकती हैं. जानवर भी भावनाओं को गहराई से महसूस करते हैं. गायों की दोस्ती और उनके भावनात्मक जुड़ाव को लेकर सामने आई यह जानकारी लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है कि इंसानों की तरह जानवरों की भी अपनी पसंद, रिश्ते और भावनाएं होती हैं.

Related Articles

Back to top button