अब करतार नगर में अंधाधुंध फायरिंग, 6 साल के बच्चे को लगी गोली

देश की राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं. न्यू उस्मानपुर में हुई गोलीबारी की घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि एक और घटना सामने आ रही है. दिल्ली के करतार नगर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे पूरा इलाका दहल उठा. इस गोलीबारी की चपेट में आने से एक 6 साल का मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है.
इस घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक, बच्चा ट्यूशन से लौट रहा था, तभी दो पक्षों के बीच झड़प और गोलीबारी हुई. इस गोलीबारी के दौरान एक गोली बच्चे के पैर में लग गई और उसे घायल अवस्था में तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ट्यूशन से लौट रहा था बच्चा
घायल बच्चे की मां रूबी ने बताया, “मेरा बच्चा ट्यूशन से लौट रहा था. मेरी किसी से कोई कहा-सुनी या झगड़ा नहीं था. जो व्यक्ति उसे वापस ला रहा था उसने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दूसरी तरफ वाले लोग नहीं रुके. यहां आपस में झड़प हो रही थी और गोलियां चल रही थीं. मुझे अभी तक अपने बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. उसके पैर में गोली लगी है. वह 6 साल का है और तीसरी कक्षा में पढ़ता है.”
न्यू उस्मानपुर इलाके में गोलीबारी से 12 वर्षीय लड़का घायल
गौर हो कि इससे पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर के चौथे पुश्ता इलाके में एक कैटरर धर्मेंद्र (43 वर्ष) के घर के सामने तीन लोगों ने गोलीबारी की थी. इस घटना के दौरान वहां से गुजर रहे 12 साल के एक लड़के के पैर में गोली लग गई, जिसका इलाज फिलहाल JPC अस्पताल में चल रहा है. हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, प्रांकुर (29 वर्ष) और हर्ष (22 वर्ष) को पकड़ लिया है और उनके पास से एक देसी राइफल बरामद की गई है. इसके अलावा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.




