पेड्डी फर्स्ट रिव्यू: राम चरण का ‘रफ एंड टफ’ अवतार सुपरहिट, ए आर. रहमान के म्यूजिक ने लूटी महफिल, फुल पैसा वसूल

नई दिल्ली. राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर काफी बज बना हुआ है. फिल्म के रिलीज के साथ फिल्म के रिव्यूज अब सामने आने लगे हैं. जहां एक तरफ राम चरण की दमदार एक्टिंग और शारीरिक बदलाव की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं जाह्नवी कपूर लोगों के लुभाने में कामयाब नहीं रहीं. फिल्म को लेकर शुरुआती दर्शकों और सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं, जिनमें इसे ‘कमर्शियल एंटरटेनर’ बताया जा रहा है.
फिल्म ‘पेड्डी’ का निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है. दर्शकों के मुताबिक, निर्देशक एक बेहद ईमानदार और भावुक कहानी पर्दे पर लाने में कामयाब रहे हैं. फिल्म की सबसे बड़ी ताकत खुद राम चरण हैं. सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी जमकर तारीफ की है.
एक यूजर ने लिखा, ‘राम चरण ने पूरी फिल्म को अपने कंधों पर खींचा है. फिल्म के लिए उनका फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन (शारीरिक बदलाव) और मेहनत साफ नजर आती है. उनका प्रदर्शन इतना उत्कृष्ट है कि आप स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाएंगे.’ इसके अलावा, दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान का बैकग्राउंड स्कोर और संगीत फिल्म का दूसरा सबसे बड़ा प्लस प्वाइंट बताया जा रहा है, जो ग्रामीण बैकड्रॉप वाली इस कहानी में जान फूंकने का काम करता है.
एक यूजर ने लिखा- ‘ईमानदार कहानी के साथ एक वॉचएबल कमर्शियल एंटरटेनर है, लेकिन इसकी स्क्रिप्ट और एडिटिंग और बेहतर हो सकती थी.’ यूजर ने यह भी कहा कि फिल्म का पहला हाफ औसत है और कुछ हिस्सों में कहानी रुकती हुई महसूस होती है.’
राम चरण तारीफ करते हुए एक ने लिखा, ‘पेड्डी में सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि इमोशन है. @AlwaysRamCharan गारू बेहतरीन थे. अगर आप फैन भी नहीं हैं तो भी उनका परफॉर्मेंस आपको सिनेमा हॉल में बांधे रखता है.’ इस यूजर ने फिल्म को ‘भावनात्मक रोलरकोस्टर’ बताया.
कई दर्शकों ने कहा कि उनका स्क्रीन प्रेज़ेंस और किरदार में किया गया ट्रांसफॉर्मेशन फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष है. एक फैन ने लिखा कि भले ही दर्शक उनके प्रशंसक न हों, लेकिन उनका अभिनय ध्यान खींचने के लिए काफी है. उनका शारीरिक बदलाव और मेहनत हर सीन में दिखता है.
जाह्नवी कपूर के प्रदर्शन को लेकर एक अन्य यूजर ने कहा, ‘यह एक और भुलक्कड़ भूमिका है, जिसमें दम नहीं है. जाह्नवी की प्रतिभा बेकार गई क्योंकि लेखन ने उनके किरदार को कोई मजबूत आर्क नहीं दिया.’ दर्शकों ने साफ कहा कि निर्देशक ने हीरोइन का रोल कमजोर लिखा है, जिसका खामियाजा जाह्नवी को भुगतना पड़ा.




