भारत को लगा बड़ा झटका, दोहा डायमंड लीग 2026 से बाहर हुए नीरज चोपड़ा

Doha Diamond League 2026: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को लेकर एक बेहद निराश करने वाली खबर सामने आई है. 19 जून को होने वाले दोहा डायमंड लीग 2026 से नीरज चोपड़ा बाहर हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, पीठ की चोट के चलते उन्होंने इस इवेंट से अपना नाम वापस लिया है. पिछले सीजन में इसी मैदान पर इतिहास रचने वाले नीरज का बाहर होना भारतीय खेल प्रेमियों और एथलेटिक्स के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.
चोट के बाद रिहैब मोड में नीरज चोपड़ा
दोहा डायमंड लीग से हटने के बाद भारतीय स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य आगामी कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स हैं. खुद को पूरी तरह फिट करने के लिए नीरज स्विट्जरलैंड के बियेन शहर में 47 दिनों के ट्रेनिंग प्रोग्राम में हिस्सा ले रहे हैं. वहां वे अपने कोच जय चौधरी और फिजियो ईशान मारवाह की निगरानी में खास रिहैब प्रोसेस से गुजर रहे हैं. भारतीय फैंस को उम्मीद है कि इस खास ट्रेनिंग के बाद ‘गोल्डन बॉय’ मैदान पर और भी शानदार वापसी करेंगे.
2025 दोहा डायमंड लीग में रचा था इतिहास
दोहा डायमंड लीग का मैदान भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के लिए हमेशा बेहद खास रहेगा. पिछले साल यानी 2025 की दोहा डायमंड लीग में नीरज ने इतिहास रचते हुए 90.23 मीटर दूर भाला फेंका था. यह उनके करियर का पहला मौका था, जब उन्होंने जादुई 90 मीटर के आंकड़े को पार कर एक नया नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया था. हालांकि, उस कड़े मुकाबले में जर्मनी के जूलियन वेबर ने फाइनल राउंड में 91.06 मीटर का थ्रो कर जीत हासिल की थी, लेकिन नीरज के इस ऐतिहासिक थ्रो ने पूरे भारत को झूमने पर मजबूर कर दिया था.
ओलंपिक के ‘गोल्डन बॉय’ और सिल्वर मेडल का सफर
नीरज चोपड़ा ने साल 2021 में हुए टोक्यो 2020 ओलंपिक में 87.58 मीटर लंबा थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता था और रातों-रात सुर्खियां बटोरी थीं. यह पहला मौका था जब किसी भारतीय खिलाड़ी ने ओलंपिक के स्टेज पर एथलेटिक्स के जैवलिन थ्रो इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया था. इसके बाद पेरिस 2024 ओलंपिक में भी नीरज ने अपना जलवा बिखेरा और 89.45 मीटर के शानदार थ्रो के साथ देश की झोली में सिल्वर मेडल डाला.




