पंजाब किंग्स की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाकर प्लेऑफ में जगह पक्की करने उतरेगी RCB

मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु रविवार को आईपीएल के मैच में पंजाब किंग्स की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाकर प्लेऑफ में जगह पक्की करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगा। धर्मशाला के बेहद खूबसूरत स्टेडियम में होने वाले इस मैच का मुख्य आकर्षण निश्चित तौर पर विराट कोहली रहेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में शतक लगाया था। धौलाधार पर्वतमाला की मनमोहक पृष्ठभूमि में कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए दिल्ली और पंजाब से बड़ी संख्या में प्रशंसक हिमाचल आ चुके हैं। आरसीबी टूर्नामेंट की एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है। उसकी टीम पंजाब के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करने वाले पंजाब किंग्स पर लगातार पांच मैच में हार के बाद टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। आरसीबी की टीम जहां अंक तालिका में बेहद अच्छी स्थिति में है। वहीं, पंजाब किंग्स की टीम के लिए एक और हार प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद कर देगी। पंजाब किंग्स यहां खेले गए पिछले दो मैच में अंतिम पांच ओवर में अपनी गेंदबाजी पर नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहा और इस तरह से 210 और 200 रन का बचाव नहीं कर पाया।
असल में इस प्रारूप के इतिहास में 200 से अधिक का स्कोर बनाने के बाद सबसे अधिक मैच (10) हारने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम पर है। जेवियर बार्टलेट और मार्को यानसेन जैसे गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट में महंगे साबित हुए हैं, जिससे पंजाब को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की जरूरत है। अर्शदीप सिंह ने पिछले मैच में किफायती गेंदबाजी की, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजाई ने सत्र के अपने पहले ही मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पंजाब की बल्लेबाजी अच्छी रही है, लेकिन पिछले कुछ मैच में वह इस विभाग में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है। जहां तक आरसीबी का सवाल है, तो वह बेहद संगठित टीम नजर आ रही है। 37 वर्षीय कोहली बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने रायपुर में केकेआर के खिलाफ 60 गेंदों में 105 रन बनाए थे। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड सहित उसके तेज गेंदबाज यहां की परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। दर्शकों की नजर फिर से कोहली पर होगी, जो एक और बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे।
धर्मशाला में दोनों टीमों को एक-एक जीत
धर्मशाला की बात करें तो आरसीबी और पंजाब के बीच कुल दो ही आईपीएल मैच मुकाबले खेले गए है, जिसमें दोनों टीमें बराबरी पर हैैं। पंजाब व आरसीबी ने एक-एक मैचों में ही जीत दर्ज की है।
खिलाडिय़ों ने की प्रैक्टिस
पंजाब के कैप्टन श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह, शंशाक सिंह, हरप्रीत बराड़ सहित कई खिलाडिय़ों ने शनिवार को अभ्यास किया है। इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के खिलाड़ी भी धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचे। इसमें विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, कु्रणाल पांड्या, जोश हेजलवुड, भुवनेशवर कुमार सहित सभी खिलाडिय़ों ने अभ्यास शाम के साढ़े तीन बजे से साढ़े छह बजे तक किया।




