एशियाई बाजारों में हड़कंप के बीच बम-बम हुआ भारतीय शेयर बाजार, 77000 के पार पहुंचा सेंसेक्स

Share Market Today on July 2: एशियाई बाजारों में आई भारी गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार आज हरे निशान पर खुले. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 227 अंक उछलकर 77150 के स्तर पर पहुंच गया है. निफ्टी भी 94 अंकों की बढ़त हासिल करते हुए 24100 के लेवल को छूने में कामयाब रहा है.
आज के टॉप गेनर्स Hindustan Unilever, ITC जैसे FMCG, Maruti Suzuki जैसे ऑटो और SBI, Kotak जैसे बैंकिंग स्टॉक्स हैं, जो बाजार को ऊपर खींच रहे हैं. हालांकि, अमेरिकी शेयर बाजार में कल रात टेक शेयरों में आई भारी गिरावट की वजह से आज घरेलू शेयर बाजार में TCS, Infosys जैसे आईटी स्टॉक्स दबाव में हैं.
आज एशियाई बाजार
आज एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखी जा रही है. सबसे बड़ी गिरावट दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आई है, जो शुरुआती कारोबार में 6.67% से 7% तक क्रैश हो गया. SK Hynix और Samsung जैसी बड़ी चिपमेकर कंपनियों के शेयर 6.2% तक टूट गए. मामला इतना बिगड़ गया कि बाजार में ट्रेडिंग पांच मिनट के लिए रोकनी पड़ गई. स्मॉल-कैप कोस्डैक (Kosdaq) में भी 3.55% की गिरावट आई है. जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) भी 0.70% तक फिसल गया. अकेले टॉपिक्स (Topix) में 0.13% की मामूली बढ़त देखी जा रही है.
अमेरिकी बाजार
वॉल स्ट्रीट में कल सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त मुनाफावसूली देखी गई. Micron Technology और Sandisk के शेयर 10% से ज्यादा टूट गए. Nvidia और Broadcom के शेयरों में भी 1-2% की गिरावट देखी गई. निवेशकों के महंगे टेक्नोलॉजी और चिप स्टॉक्स से पैसा निकालने के चलते अमेरिकी शेयर बाजार में सभी प्रमुख इंडेक्स कल दबाव में रहे. S&P 500 में 0.22% की गिरावट देखी गई. नैस्डेक कम्पोजिट 0.66% टूटकर 26040.03 पर बंद हुआ. शुरुआती कारोबार में डाऊ जोन्स भले ही 52742.66 के नए रिकॉर्ड स्तर को छूने में कामयाब रहा. हालांकि, बाद में इसमें 0.03% की मामूली गिरावट देखी गई.
आज क्रूड ऑयल की कीमत
कच्चे तेल की कीमतों में आज फिर से गिरावट देखी जा रही है. अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में ब्रेंट क्रूड लगभग 1.02% टूटकर 70.84 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है. वहीं, अमेरिकी क्रूड ऑयल WTI Crude 1.21% की गिरावट के साथ 67.75 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है.
अमेरिकी डॉलर
आज अमेरिकी डॉलर इंडेक्स (DXY) 0.02% गिरकर 101.40 पर ट्रेड कर रहा था। यह इंडेक्स ब्रिटिश पाउंड, यूरो, स्वीडिश क्रोना, जापानी येन, स्विस फ्रैंक जैसी दुनिया की प्रमुख करेंसीज के मुकाबले डॉलर की मजबूती या कमजोरी का आकलन करता है. 1 जुलाई को रुपया 0.60% गिरकर डॉलर के मुकाबले 95.24 पर बंद हुआ.




