30 साल बाद भी दोस्त की उधारी नहीं भूला शख्स, 1000 रुपये के बदले लौटाए 25 हजार

आज के दौर में जहां लोग चंद पैसों के लिए रिश्ते-नाते भूल जाते हैं, वहां अगर कोई 30 साल पुराना 1000 रुपये का कर्ज चुकाने के लिए 1000 किलोमीटर दूर आपके दरवाजे पर आ खड़ा हो… तो आप क्या कहेंगे? केरल और तेलंगाना के दो दोस्तों की यह एकदम सच्ची कहानी है. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर यह सब कहां, कब और कैसे शुरू हुआ.
सऊदी अरब में उधार लिए थे पैसे
1990 के दशक की शुरुआत में केरल के मोहम्मद इस्माइल और तेलंगाना के एडला लचन्ना सऊदी अरब में एक साथ काम करते थे. उसी दौरान इस्माइल ने अपने सहकर्मी लचन्ना से 120 सऊदी रियाल (उस समय करीब 1000 रुपये) उधार लिए थे. कुछ समय बाद दोनों काम छोड़कर भारत लौट आए. उस दौर में फोन या इंटरनेट जैसी सुविधाएं नहीं थीं, जिसके कारण दोनों का संपर्क हमेशा के लिए टूट गया.
गूगल मैप से खोजा घर, 1000 के बदले चुकाए 25 हजार
30 साल बीत जाने के बावजूद इस्माइल यह उधारी नहीं भूले. लचन्ना का कोई नंबर या सटीक पता न होने पर उन्होंने गूगल मैप और स्थानीय लोगों की पूछताछ का सहारा लिया. केरल से हजारों किलोमीटर का सफर तय करके इस्माइल तेलंगाना के जगतियाल जिले के धरमापुरी गांव पहुंच गए. वहां उन्होंने लचन्ना को 30 साल पुराने 120 सऊदी रियाल के बदले, आज के एक्सचेंज रेट के हिसाब से 25,000 रुपये लौटाकर अपनी उधारी चुकता की.
36% लोगों ने लेन-देन के विवाद में खो दिए जिगरी यार
सच्ची दोस्ती की इस कहानी को पढ़कर एक तरफ लोग भावुक हो रहे हैं, लेकिन दुनिया की हकीकत इससे बिल्कुल उलट है. जुलाई 2025 में 2000 लोगों पर किए गए ‘लेंडिंगट्री’ के सर्वे के मुताबिक, 41 प्रतिशत लोगों का पैसों को लेकर दोस्तों के साथ विवाद हो चुका है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि 36 प्रतिशत लोगों की दोस्ती सिर्फ पैसों के लेन-देन या विवाद के कारण हमेशा के लिए टूट गई. इनमें छोटे बच्चों वाले माता-पिता का आंकड़ा सबसे ज्यादा है, जहां 48 प्रतिशत लोगों ने पैसों के कारण अपने दोस्त खोए हैं.




