महाराष्ट्र

मुंबई-ठाणे यात्रियों के लिए खुशखबरी, जल्द शुरू होंगी ये दो नई मेट्रो लाइन

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गढ़ ठाणे में मेट्रो रूट 4 और 4A (ग्रीन लाइन) को जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा. इस दिशा में मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. इन रूट्स के लिए तैयार की गई पिट लाइन सुविधा का CMRS द्वारा निरीक्षण शुरू कर दिया गया है. पिट लाइन पर ट्रेन के कोचों की मरम्मत और रख-रखाव के साथ-साथ तकनीकी परफॉर्मेंस की जांच की जाती है.

मुंबई मेट्रो लाइन 4 (वडाला-ठाणे-कासरवडवली) और मार्गिका 4A (कासरवडवली-गायमुख) 35.2 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है.  इसके शुरू होने से मुंबई और ठाणे के यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, लोकल ट्रेनों की भीड़ से नहीं गुजरना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी.

MMRDA ने अपनाई नई कार्यप्रणाली

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने पूरे मेट्रो डिपो के तैयार होने का इंतजार किए बिना मेट्रो सेवा जल्द शुरू करने के लिए एक नई कार्यप्रणाली अपनाई है. इसके तहत तैयार की गई पिट लाइन का इस्तेमाल मेट्रो ट्रेनों की जरूरी जांच, रखरखाव और ट्रेनों को खड़ा करने के लिए किया जाएगा. पूरी क्षमता वाला मेट्रो डिपो तैयार होने के साथ-साथ उपलब्ध बुनियादी ढांचे का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए तैयार मेट्रो मार्गों को जल्द से जल्द यात्री सेवा में लाने का प्रयास किया जा रहा है.

पहले चरण की होगी शुरूआत

गायमुख से कॅडबरी जंक्शन तक के पहले चरण में कुल 10 स्टेशन शामिल हैं, जिनमें गायमुख – गोवनीवाड़ा – कासारवडवली – विजय गार्डन – डोंगरीपाड़ा – टिकुजी-नी-वाड़ी – मानपाड़ा – कापूरबावड़ी – माजिवड़ा – कॅडबरी जंक्शन है. इस चरण के मार्च 2026 तक यात्रियों के लिए खुलने की संभावना थी, लेकिन अब जाकर इसपर संचालन शुरू किया जाएगा.  इसके बाद अंतिम चरण में विक्रोली से वडाला तक मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी.  

पिट लाइन के CMRS निरीक्षण की शुरुआत के साथ ही मेट्रो लाइन 4 और 4A ठाणेकरों की सेवा में शामिल होने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर चुकी हैं. स्मार्ट प्लानिंग, तेज अमल और MMR को तेजी से जोड़ती मेट्रो से ठाणेकरों को मेट्रो सेवा मिलने का इंतजार अब और कम होने की उम्मीद है.

Related Articles

Back to top button