राष्ट्रीय

चमोली में THDC में टनल धंसने से 2 मजदूरों की मौत; 16 लोगों का किया गया रेस्क्यू

चमोली। चमोली में टीएचडीसी की विषणुगाड पीपल कोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में भू-धंसाव हुआ है। इस हादसे में 2 से ज्यादा मजदूरों की मौत की सूचना है। टनल में फंसे लोगों में से अब तक 16 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। 

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं। टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। ज्यादातर मजदूर झारखंड और छत्‍तीसगढ़ के बताए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य के निर्देश

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव कार्यों को पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।  

Related Articles

Back to top button