कौआ भगाने के चक्कर में मुंबई लोकल ट्रेन में एक यात्री की चली गई जान

मुंबई: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को बांद्रा और माहिम स्टेशनों के बीच चलती लोकल ट्रेन में बहस के बाद सफर कर रहे एक यात्री ने दिव्यांग यात्री को धक्का दे दिया। इससे उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने आरोपी अमजद शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जीआरपी को बताया कि वह कोच में घुस आए कौए को भगा रहा था। इस चक्कर में धक्का लगा और कोई गिर गया।
कैसे हुई घटना?
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, शेख ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह चर्चगेट दरगाह के पास फुटपाथ पर रहता है। उसने दावा किया कि उसे लगा कि ट्रेन के कोच में एक कौआ घुस आया है और वह उसे भगाने की कोशिश कर रहा था, तभी गलती से यात्री को धक्का लग गया। हालांकि, पुलिस शेख को ही वह व्यक्ति मान रही है जिसने कथित तौर पर मृतक को धक्का दिया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने क्या बताया?
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि गुरुवार दोपहर करीब 1.22 बजे माहिम और बांद्रा के बीच चल रही चर्चगेट-बोरीवली लोकल ट्रेन के दिव्यांगजन कोच से एक यात्री को धक्का दिए जाने की घटना सामने आई। बताया जाता है कि कोच में सीट को लेकर दो यात्रियों के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर यात्री केजिटन पॉल डेनिस पिरिस (62) को धक्का दे दिया। जो सांताक्रूज ईस्ट के रहने वाले थे। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें दोपहर करीब 2.45 बजे बांद्रा वेस्ट के भाभा अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर थी और बाद में उनकी मौत हो गई।
आरोपी पकड़ा
घटना के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान 48 वर्षीय अमजद सफरुद्दीन शेख के तौर पर हुई है। जीआरपी ने उसको हिरासत में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन की जांच की। घटनास्थल की जांच करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए एक फ़ोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच के सिलसिले में बांद्रा रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर ने भी घटनास्थल का दौरा किया। जांच करने वाले यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि चलती ट्रेन के अंदर असल में क्या हुआ था और इस कथित घटना की वजह क्या थी?




