वजन कम करना हो या चाहिए ग्लोइंग स्किन, डाइट में शामिल करें भुनी हुई अलसी; मिलेंगे लाजवाब फायदे

नई दिल्ली। हेल्दी रहने के लिए लोग आजकल अपनी डाइट में तरह-तरह के सीड्स शामिल कर रहे हैं, जिनमें अलसी के बीज भी शामिल हैं। ये बीज दिखने में भले ही छोटे होते हैं, लेकिन इनसे मिलने वाले फायदे काफी बड़े हैं। अलसी के बीजों को भूनकर खाना काफी फायदेमंद होता है। इससे ये स्वादिष्ट भी हो जाते हैं और पचाने में भी आसान होते हैं।
इतना ही नहीं, ये बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। आइए जानें भुनी हुई अलसी के बीज खाने के फायदे।
अलसी के बीज खाने के फायदे
- दिल को रखे स्वस्थ- भुनी हुई अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यह ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करने में भी मददगार होता है।
- पाचन तंत्र को बनाती है मजबूत- अलसी में भरपूर फाइबर होता है, जो कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं को दूर करता है। इसलिए रोज थोड़ी-सी भुनी हुई अलसी खाने से पेट साफ रहता है।
- वजन कम करने में मददगार- अलसी खाने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती, जिससे बार-बार खाने की आदत कम होती है और वजन कंट्रोल में रहता है।
- स्किन को ग्लोइंग बनाए- अलसी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और हेल्दी फैट्स त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं, जिससे स्किन सॉफ्ट और ग्लोइंग बनती है।
- बालों के लिए फायदेमंद- भुनी हुई अलसी खाने से बालों की जड़ें मजबूत होती हैं, बालों का झड़ना कम होता है और बाल शाइनी होते हैं।
- हार्मोन संतुलन में मदद- अलसी में लिग्नान नाम के तत्व होते हैं, जो महिलाओं के लिए खासतौर से फायदेमंद है। यह हार्मोन को संतुलित रखने में मदद करता है।
- डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद- अलसी ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने देती है, जिससे शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता। इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए भी भुनी हुई अलसी सीमित मात्रा में फायदेमंद मानी जाती है।
अलसी खाने का सही तरीका
रोजाना एक से दो चम्मच भुनी हुई अलसी को गुनगुने पानी के साथ खा सकते हैं। इसे सलाद, दही, दलिया, ओट्स या आटे में मिलाकर भी खाया जा सकता है, लेकिन ध्यान रखें कि अलसी हमेशा सीमित मात्रा में ही खाएं, क्योंकि ज्यादा मात्रा में खाने से पेट में परेशानी हो सकती है।




