मध्यप्रदेश

 मां-बेटे की निर्मम हत्या, बदमाशों ने मासूम को मुंह में कपड़ा ठूंस कर मारा, चोरी और रेप की आशंका

पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना में मां और मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना अजयगढ़ थाना के माधोगंज इलाके की है। जहां रहूनिया में रहने वाली 25 वर्षीय सोनू कुशवाहा पति रामनारायण कुशवाहा व उसके 5 साल के मासूम बेटे की उसके घर पर अज्ञात हत्यारों ने क्रूरता से हत्या कर दी, और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

स्थानीय निवासी जगमोहन यादव ने बताया कि महिला अपने घर पर ही छोटी सी किराना दुकान चलाती थी, महिला का पति पंजाब में रहकर मजदूरी का कार्य करता है, घटना 16-17 सितंबर की दरम्यिनी रात की है, जहां महिला अपने 2 बच्चों के साथ घर पर थी, घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों ने महिला एवं उसके पांच साल के बेटे को मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसकी क्रूरता के साथ हत्या कर दी, वहीं महिला के डेढ़ साल के बच्चे को जीवित छोड़ दिया। जगमोहन ने आरोप लगाया है कि हत्यारों ने महिला के घर में चोरी भी की और उसकी इज्जत भी लूट ली, उन्होंने कहा कि अपनी 65 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार ऐसा मामला देखा है, ग्रामवासियों ने आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

वहीं घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है, जानकारी लगने के बाद एसडीओपी व थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौक़े पर पहुंचा और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। हालांकि उन्होंने महिला के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि नहीं की है। मामला क्या है यह पुलिस विवेचना उपरांत ही स्पष्ट हो पायेगा। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप के हालात बने हुए हैं।

हालांकि घटना के बाद गुस्साए ग्रामवासियों ने माधौगंज चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, ग्रामवासी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button