दिल्ली टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, पहला दिन भारत 318/2

यशस्वी जायसवाल (नाबाद 173) की शतकीय और साई सुदर्शन (87) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने शुक्रवार को वेस्ट इंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप्स के समय दो विकेट पर 318 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ा दिया है। इससे पहले शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी भारत के लिए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 58 रन जोड़े। भारत ने दिन का खेल समाप्त होने के समय 90 ओवर में दो विकेट 318 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ा दिया है। यशस्वी जयसवाल (नाबाद 173) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 20) क्रीज पर मौजूद थे।
जायसवाल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार शतक जड़ा। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर 23 साल की उम्र में सबसे ज्यादा शतक जडऩे का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीह्म स्मिथ के नाम दर्ज था। स्मिथ ने 23 साल की उम्र में 50 पारी में दक्षिण अफ्रीका के लिए ओपनिंग करते हुए सातवां शतक जड़ा था। जायसवाल ने दो पारी के अंतर से स्मिथ का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 23 साल की उम्र में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक जडऩे के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल दूसरे सबसे तेज गति से तीन हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। जायसवाल ने 71वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल करके सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया।




