‘मिर्जापुर द मूवी’ के आगे नहीं टिक पाई ‘हैवान’, ठंडी रही अक्षय की फिल्म की ओपनिंग

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ आखिरकार सिनेमाघरों में शुक्रवार को रिलीज हुई. ‘भूत बंगला’ की सक्सेस के बाद अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी क्राइम थ्रिलर के साथ बड़े पर्दे पर लौटी है. उम्मीद थी कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल करेगी लेकिन इसकी शुरुआत काफी ठंडी रही. दरअसल सिनेमाघरों में पहले से गदर मचा रहीं ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ के आगे ‘हैवान’ टिक नहीं पाई. चलिए यहां जानते हैं कि ‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन कितना कलेक्शन किया है?
‘हैवान’ ने पहले दिन कितनी की कमाई?
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ से 18 साल बाद अक्षय कुमार और सैफ अली खान ने एक साथ बड़े पर्दे पर कमबैक किया है. ये दोनों आखिरी बार 2008 की फ़िल्म ‘टशन’ में साथ आए थे. हालांकि इस बार सैफ और अक्षय की जोड़ी का जादू नहीं चल पाया. ‘हैवान’ की एडवांस बुकिंग भी खास नहीं हुई थी वहीं रिलीज होने के बाद इसे दर्शकों से भी मिक्स्ड रिव्यू मिला. नतीजतन इसकी कमाई भी निराशाजनक ही रही.
- सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन 3 करोड़ की कमाई की है.
- ये शुरुआती आंकड़े हैं ऑफिशियल डाटा आने के बाद इनमें थोड़ा बहुत बदलाव हो सकता है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ से टक्कर पड़ी भारी
बता दें कि ‘हनुमान अंश’ की अचानक बढ़ती पॉपुलैरिटी और ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ की जबरदस्त सफलता ‘हैवान’ के लिए भारी पड़ी है. दरअसल ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर’ दोनों को ही दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे उन्हें अच्छी-खासी संख्या में स्क्रीन्स मिली हैं. जाहिर है, उम्मीद के मुताबिक़ इस क्राइम थ्रिलर की स्क्रीनिंग पर असर पड़ा साथ ही, दोनों फिल्मों ने हिंदी मार्केट में भी दर्शकों को आपस में बांट लिया इस कारण ‘हैवान’ को ओपनिंग डे पर कमाई करने का मौका नहीं मिल पाया.
‘हैवान’ के बारे में
‘हैवान’ को केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने प्रोड्यूस किया है. इसमें बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में मोहनलाल का कैमियो रोल है. ये प्रियदर्शन निर्देशित और मोहनलाल स्टारर ओप्पम की हिंदी रिमेक है.




