खेलराष्ट्रीय

Asian Games : आर्चरी में महिलाओं के बाद मिक्स्ड रिकर्व टीम ने जगाई गोल्ड की उम्मीद, कुश्ती में भारत को मिली निराशा,  महिला हॉकी टीम का चीन से सामना, स्वर्ण और ओलंपिक टिकट दांव पर

नई दिल्ली। एशियन गेम्स-2026 का अंत समीप है। भारत को हर दिन मेडल मिल रहे हैं, लेकिन पिछली बार की तुलना में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। भारत ने अभी तक 65 से ज्यादा मेडल जीत लिए हैं और आज इस संख्या में निश्चित तौर पर इजाफा होगा। भारतीय खिलाड़ी आर्चरी, कुश्ती, गोल्फ, ताईक्वांडो, साइकिलिंग, सेलिंग, वॉलीबॉल जैसे अन्य खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

Asian Games Live: मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू

मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू हो चुका है। भारत के सामने चीन की चुनौती है जो आसान नहीं है। महिला टीम ने कोरिया को हराकर गोल्ड जीता था और इस टीम की सदस्य कुमकुम मिक्स्ड टीम इवेंट में धीरज के साथ मिलकर एक और मेडल जीतने की कोशिश करेंगी। 

Asian Games 2026: आर्चरी में रिकर्व मिक्स्ड टीम फाइनल में 

महिला रिकर्व टीम के ऐतिहासिक गोल्ड के बाद अब मिक्स्ड टीम ने भी गोल्ड की उम्मीद जगा दी है। इस टीम ने सेमीफाइनल में जापान को 5-3 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई। गोल्ड मेडल के लिए भारत का सामना चीन से होगा। कुमकुम और धीरज बोम्मादेवरा इस इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश में होंगे। 

Asian Games Live: कुश्ती में एक और हार, रजत हुए बेहाल

कुश्ती में भारत को एक और हार का सामना करना पड़ा है। रजत रूहल को पुरुषों के फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कजाकिस्तान के येदिगे कासिमबेक ने 8-3 से हरा दिया है। इस मुकाबले में रजत एक समय 3-1 से आगे थे, लेकिन अपनी बढ़त को कायम नहीं रख पाए और हार गए। 

Asian Games 2026 Live Updates: दीपांशी के बाद प्रिया को भी मिली हार

कुश्ती में भारत के हिस्से एक और हार आई है। महिलाओं के 76 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 में प्रिया को किर्गिस्तान की मेदेत किजी से 6-1 से हार का सामना करना पड़ा है। दीपांशी की तरह ही प्रिया के पास रेपेचेज राउंड में पहुंचने का मौका होगा जहां वह ब्रॉन्ज अपने नाम कर सकती हैं, लेकिन इसके लिए मेदेत को फाइनल में जाना होगा।  

Asian Games 2026 Live: कुश्ती में दीपांशी को मिली हार

कुश्ती में भारत के लिए निराशाजनक खबर आई है। महिलाओं के 50 किलोग्राम भारवर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में दीपांशी को जापान की युई सुसाकी ने 11-0 के अंतर से हरा दिया। सुसाकी चार बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, दीपांशी के पास रेपेचेज के जरिए ब्रॉन्ज मेडल राउंड में पहुंचने का मौका है। 

Asian Games 2026: ताइक्वांडो में कशिश मलिक क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

भारत की कशिश मलिक ने मिक्स्ड इंडिविजुअल वर्चुअल ताइक्वांडो के राउंड ऑफ 16 में हांगकांग चीन की सिउ वाई लैम को 2-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। 

भारतीय महिला हॉकी टीम का शुक्रवार को एशियन गेम्स के फाइनल में चीन से सामना होगा। भारतीय टीम की नजरें इस दौरान स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए टिकट हासिल करने पर लगी होंगी।

शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम एशियन गेम्स के महिला हॉकी फाइनल में गत चैंपियन चीन के खिलाफ शुक्रवार को उतरेगी। इस दौरान महिला टीम की नजरें 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई करने पर लगी होंगी। टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा लॉस एंजिलिस में दो साल बाद होने वाले खेलों का सीधे टिकट कटाना है। मौजूदा फॉर्म और विश्व कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को देखते हुए यह संभव भी लग रहा है, बस अपेक्षाओं के दबाव से पार पाना होगा। 

सिर्फ एक बार जीता है स्वर्ण पदक
भारत ने एशियाई खेलों में एकमात्र स्वर्ण 1982 में दिल्ली में जीता था जब महिला हॉकी को पहली बार इन खेलों में शामिल किया गया था। उसके बाद से भारत 1998 और 2018 में फाइनल में पहुंचा लेकिन क्रमश: दक्षिण कोरिया और जापान से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। लेकिन युवा खिलाड़ियों से सजी कोच शोर्ड मारिन की यह टीम लंबे इंतजार को खत्म करने और दमदार प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देने का माद्दा रखती है।

पिछले साल खराब फॉर्म से जूझती दिखी भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 2026 यादगार रहा है जिसमें एफआईएच नेशंस कप जीतकर प्रो लीग में वापसी की और पिछले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। विश्व कप में भारत ने ग्रुप चरण में दुनिया की चौथे नंबर की टीम चीन को 2-2 से ड्रॉ पर रोका था, जबकि भारतीय टीम में 11 खिलाड़ियों का यह पहला विश्व कप था। पूरे टूर्नामेंट में भारत एकमात्र मैच सह मेजबान नीदरलैंड से 0-2 से हारा था।

भारत का क्या है मजबूत पक्ष

दीपिका छह मैचों में 21 गोल कर चुकी हैं जिनमें से 19 पेनल्टी कॉर्नर पर आए। नवनीत ने 10 गोल दागे हैं जिनमें से सात फील्ड गोल हैं।

इधर चीन को दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान जापान ने निर्धारित 60 मिनट तक गोलरहित बराबरी पर रोका और पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत दर्ज करके चीन फाइनल में पहुंच सका। भारत को भी दक्षिण कोरिया से कड़ी चुनौती मिली और 12 पेनल्टी कॉर्नर में से सिर्फ एक पर गोल हो सका।

भारत के लिए सेमीफाइनल के 44वें मिनट में इशिका और चार मिनट बाद कप्तान सलीमा टेटे ने गोल किया। भारत के लिए गोलकीपर सविता और बिछू देवी ने विश्व कप का शानदार फॉर्म जारी रखा है।

भारत ने पेनल्टी कॉर्नर और ओपन प्ले में गोल किए हैं हालांकि कोरिया के खिलाफ पेनल्टी कॉर्नर उतना अच्छा नहीं रहा।

Related Articles

Back to top button