व्यापार

शेयर में रिकॉर्ड उछाल से MTF बुक में नंबर वन बनी रिलायंस इंडस्ट्रीज, मुकेश अंबानी ने कमाए $8.5 अरब डॉलर

नई दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के डेटा के अनुसार सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में बीते 6 सालों की सबसे बड़ी एक-दिवसीय तेजी आई। इसके बाद, मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) बुक में रिलायंस इंडस्ट्रीज का एक्सपोजर सबसे ज्यादा हो गया है।
2 नवंबर को बाजार बंद होने तक के आंकड़ों के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज का एक्सपोजर बढ़कर 4,711 करोड़ रुपये हो गया, जो कि 30 अक्टूबर को बाजार बंद होने के पर दर्ज किए गए 2,937 करोड़ रुपये के आंकड़े से 60% ज्यादा है।

क्या होती है MTF फैसिलिटी?

भारत में मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) SEBI द्वारा विनियमित एक प्रोडक्ट है। इसमें आप कुल कीमत का केवल एक हिस्सा (मार्जिन) चुकाकर डिलीवरी के लिए शेयर खरीद सकते हैं, जबकि बाकी बची हुई रकम का भुगतान आपका स्टॉकब्रोकर करता है। इसे अक्सर इक्विटी के लिए “बाद में भुगतान करें” (Pay Later) भी कहा जाता है।

HDFC बैंक को पीछे छोड़ दिया

इसके साथ ही, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने MTF बुक में HDFC बैंक को पीछे छोड़ दिया, जो कई महीनों से इस लिस्ट में टॉप पर रहा। भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक अब MTF बुक में दूसरे नंबर पर आ गया है और 2 नवंबर तक इसका लेवरेज्ड एक्सपोजर 3,000 करोड़ रुपये से घटकर 2,991 करोड़ रुपये रह गया।

रिलायंस की हिस्सेदारी कितनी?

नए आंकड़ों के अनुसार, कुल MTF बुक का साइज 1.45 लाख करोड़ रुपये है, जिसमें से टॉप 10 शेयरों का हिस्सा 19,442 करोड़ रुपये रहा। सोमवार को आई तेजी के बाद, इन टॉप 10 शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज की हिस्सेदारी 24% हो गई है।

बीते सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर प्राइस में लगभग 12% की तेजी आई। यह उछाल कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद देखने को मिली, जो न केवल अनुमानों से बेहतर रहे, बल्कि काफी मजबूत भी माने जा रहे हैं।

20, 50 और 100-दिवसीय मूविंग एवरेज के ऊपर

सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आई तेजी के चलते, यह स्टॉक अपने 20, 50 और 100-दिवसीय मूविंग एवरेज (DMA) के ऊपर बंद हुआ। अब ऊपर की ओर अगला स्तर 200-DMA है, जो ₹1,327 के आसपास है।
इस तेजी से चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी की संपत्ति में $8.5 बिलियन का इजाफा हुआ, जिससे वे एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए।

Related Articles

Back to top button