अबू धाबी के शेख ने जिस भारतीय कंपनी में झोंके हैं अरबों रुपये, आए उसके तिमाही नतीजे; हुआ ₹312 करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली। भारत की नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी सम्मान कैपिटल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। यह वही कंपनी है जिसमें अबू धाबी के शेख की कंपनी ने भारी भरकम निवेश किया है। दरअसल, सम्मान कैपिटल लिमिटेड को अबू धाबी स्थित इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी PJSC (IHC) नियंत्रित करती है।
IHC अपनी सहायक कंपनी ‘एवेनिर इन्वेस्टमेंट RSC लिमिटेड’ (Avenir Investment RSC Ltd) के माध्यम से इसके प्रमोटर के रूप में काम करती है। और IHC के चेयरमैन शेख तहून बिन ज़ायद अल नाहयान हैं।
कैसे रहे सम्मान कैपिटल के तिमाही नतीजे
सम्मान कैपिटल ने शनिवार को बताया कि सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 1.25 प्रतिशत बढ़कर ₹312.34 करोड़ हो गया है, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹308.47 करोड़ था। कंपनी ने इससे पिछली जून तिमाही में 243.30 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।
नियामकीय सूचना के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 1,850.85 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 2,260.52 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान मुख्य ब्याज आय भी घटकर 1,161.26 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल 1,449.02 करोड़ रुपये थी। कंपनी का कुल खर्च भी घटकर 1,426.28 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 1,835.49 करोड़ रुपये था।
कंपनी की प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) जून 2026 के अंत तक पांच प्रतिशत बढ़कर 59,188 करोड़ रुपये हो गईं। इस दौरान ऋण वितरण में 62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 6,278 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का लक्ष्य मार्च 2027 तक एयूएम को बढ़ाकर 70,000 करोड़ रुपये करने का है।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर कंपनी का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात सितंबर के अंत तक पिछली तिमाही की तुलना में 0.06 प्रतिशत घटकर 0.15 प्रतिशत रह गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक गगन बंगा ने कहा, ”हमारा ध्यान अनुशासित ऋण मूल्यांकन, मजबूत वसूली व्यवस्था और ठोस पूंजी स्थिति के समर्थन से विविधतापूर्ण एवं मजबूत ऋण कारोबार विकसित करने पर है।”




