एक दशक, जिसने भारत में गरीबी की तस्वीर बदल दी

एक साल पहले जब मैं नागालैंड की दुर्गम पहाडिय़ों में बसे आकांक्षी जिले किफिरे गई थी, तो वहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं से संवाद करने का अवसर मिला। उन्हीं में एक ‘लखपति दीदी’ एस्थर भी थीं। उन्होंने बड़े गर्व से बताया कि मोटे अनाज से बने उनके उत्पाद अब ऑनलाइन माध्यम से नागालैंड की सीमाओं से निकलकर देश के दूर-दराज के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं। उनके भीतर बेहतर भविष्य का जो आत्मविश्वास था, वह मेरे मन में बस गया। मैंने उनसे कहा कि वह और बड़े सपने देखें और ‘करोड़पति दीदी’ बनें। उनकी कहानी उस बड़े बदलाव की बानगी थी, जो आज देश के सबसे सुदूर इलाकों तक पहुंच चुकी है। पिछले महीने जब विश्व बैंक ने भारत में गरीबी और समानता पर अपनी ताजा रिपोर्ट जारी की, तो मुझे किफिरे की वह मुलाकात फिर याद आ गई। रिपोर्ट बताती है कि 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी के चक्र से बाहर निकले हैं और देश में अत्यधिक गरीबी लगभग खत्म हो चुकी है। ये आंकड़े उसी बदलाव की गवाही देते हैं, जिसे मैंने खुद जमीन पर महसूस किया था।
एक दौर था जब हालात बिल्कुल उलट थे। आजादी के छह दशक बाद भी बड़े पैमाने पर गरीबी हटाना एक अधूरा सपना ही बना रहा। 2010 के दशक की शुरुआत में भी दुनिया भारत को एक ऐसे देश के रूप में देखती थी, जहां अभाव स्थायी है, जहां स्वच्छता, पोषण, स्वच्छ ईंधन और बैंकिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं आम आदमी की पहुंच से दूर थीं। बीते एक दशक ने इस पुरानी सोच को पूरी तरह बदल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने तात्कालिक राहत की बजाय उन जड़ों पर प्रहार किया है, जो गरीबी को बार-बार जन्म देती हैं। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी ‘अंत्योदय’ के मंत्र को अपनाते हुए हमारी सरकार ने कठिन लेकिन स्थायी रास्ता चुना, हर परिवार की जरूरतों को समझा और यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ वास्तव में सबसे जरूरतमंद तक पहुंचे।
सटीक लक्ष्य, ठोस परिणाम : गरीबी का अर्थ सिर्फ कम आमदनी नहीं है। यदि किसी परिवार के पास पक्की छत, साफ पानी, शौचालय या इलाज की सुविधा न हो, तो कमाई बढऩे के बाद भी वह असुरक्षित ही रहता है। एक गंभीर बीमारी उसकी वर्षों की जमा-पूंजी छीनकर उसे फिर से गरीबी के गर्त में धकेल सकती है। यही कारण है कि हमारी सरकार ने हर योजना को जरूरतमंदों की वास्तविक समस्या के अनुरूप गढ़ा और उसके ठोस परिणामों पर जोर दिया। इसके लिए लाभार्थियों की सही पहचान, जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और आखिरी घर तक लाभ पहुंचने की निरंतर निगरानी जरूरी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं हर योजना की बारीकी से समीक्षा की, जहां अड़चनें आईं उन्हें दूर किया और पारदॢशता के लिए तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया।
घर से शुरू हुई सेहत और सम्मान की राह : ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत घर-घर शौचालय बनने से न केवल सम्मान मिला, बल्कि एक अनुमान के अनुसार हर साल 60 से 70 हजार शिशुओं की अकाल मृत्यु रोकने में मदद मिली। ‘जल जीवन मिशन’ के जरिए ग्रामीण घरों में नल से जल के कनैक्शन 2019 के करीब 3 करोड़ से बढ़कर आज लगभग 16 करोड़ तक पहुंच गए हैं। इससे महिलाओं और बेटियों को पानी के लिए मीलों पैदल चलने से मुक्ति मिली और जलजनित बीमारियों का खतरा भी घटा।
इसी तरह ‘उज्ज्वला योजना’ ने रसोई को धुएं से आजाद किया, तो ‘पी.एम. आवास योजना’ ने पक्के घर की सुरक्षा और गरिमा दी। वहीं ‘आयुष्मान भारत’ के तहत कैशलैस इलाज ने बीमारी के भारी-भरकम खर्च से परिवारों को सुरक्षा कवच प्रदान किया। इन योजनाओं ने मिलकर एक ऐसे सुरक्षा चक्र का काम किया है, जिसने घरेलू खर्च घटाया, काम के लिए समय बचाया और परिवारों को दोबारा गरीबी में फिसलने से रोका।
बैंक खाते से उद्यमिता की उड़ान : आर्थिक रूप से ऊपर उठने के लिए आजीविका के अवसर जरूरी हैं। करोड़ों भारतीयों के लिए इस नई शुरुआत की पहली सीढ़ी एक बैंक खाता बना। ‘डायरैक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ ने इस व्यवस्था को इतिहास बना दिया। आज 59 करोड़ से अधिक ‘जन धन’ खातों के जरिए सरकारी मदद बिना किसी बिचौलिए के सीधे हकदार के खाते में पहुंच रही है। बैंक खाते ने लोगों को सुरक्षित बचत की आदत दी और उनका वित्तीय रिकॉर्ड तैयार किया, जिससे संस्थागत कर्ज के रास्ते खुले। दो महीने पहले मुद्रा योजना के लाभार्थियों से बातचीत के दौरान मेरी भेंट पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घराई से हुई। कोरोना महामारी में पिता को खोने के बाद उनके परिवार का प्रिटिंग व्यवसाय पूरी तरह ठप्प हो गया था। न जमीन थी, न सोना लेकिन बिना गारंटी वाले मुद्रा ऋण ने उन्हें अपना प्रैस दोबारा खड़ा करने की ताकत दी। आज वह 8 लोगों को रोजगार दे रही हैं। अब तक मुद्रा योजना के तहत 60 करोड़ ऋण खाते स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें करीब दो-तिहाई महिलाओं के हैं। इसके साथ ही ‘पी.एम. स्वनिधि’ और ‘पी.एम. विश्वकर्मा’ जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को नई पहचान और आर्थिक मजबूती दे रही हैं।
विकसित भारत का संकल्प : सामाजिक सुरक्षा के साथ-साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक आम लोगों की पहुंच को और व्यापक बनाना होगा। सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहनों, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिए शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु बना रही है, जबकि आधुनिक बुनियादी ढांचे में निवेश देश को अभूतपूर्व गति से जोड़ रहा है। जो लक्ष्य 6 दशकों तक अधूरा रहा, उसे 10 वर्षों में साकार करने के बाद भारत अगले 2 दशकों की ओर पूरे आत्मविश्वास से कदम बढ़ा रहा है। 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति और संकल्प से 2047 तक विकसित भारत का सपना हमारी पहुंच में है और हम सब मिलकर इसे अवश्य पूरा करेंगे।-निर्मला सीतारमण(केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री)



