‘बातचीत नाकाम रही तो नए साल के बाद फिर करेंगे हमला’, ट्रंप ने ईरान को दी धमकी; तेहरान पर बातचीत लटकाने का लगाया आरोप

एएनआई, वॉशिंगटन , अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को नई चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि दोनों देशों के बीच बातचीत विफल रहती है, तो वे नए साल के बाद ईरान पर फिर से सैन्य हमले करने का आदेश दे सकते हैं। ट्रंप ने तेहरान पर तनाव बढ़ाने और बातचीत में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया है।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगर नए साल तक ईरान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका फिर से सैन्य हमले शुरू कर सकता है। रविवार को फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर दोबारा हमला करने के पक्ष में हैं। उन्होंने ईरान के बातचीत के तरीके की आलोचना करते हुए कहा कि तेहरान लगातार बातचीत कर रहा है, लेकिन किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच रहा।
‘ईरान सिर्फ बातें करता है, कोई नतीजा नहीं निकलता’
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने ईरान के बातचीत करने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने ईरानी पक्ष को ‘पेशेवर कलाबाज’ बताते हुए कहा कि वह बातचीत के नाम पर सिर्फ समय बिता रहा है। ट्रंप ने कहा “वे हर समय बात करते रहते हैं। वे सिर्फ बातें करते हैं, लेकिन यह सब बकवास है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान के तेल टैंकर अमेरिकी नाकेबंदी को परखने की कोशिश करते हैं तो उन्हें समुद्र की तलहटी में पहुंचा दिया जाएगा। ट्रंप ने ईरान की नौसेना का जिक्र करते हुए यह चेतावनी दी।
होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर ईरान ने रखी शर्त
ट्रंप के बयान से एक दिन पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि अगर अमेरिका अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप उचित शर्तें स्वीकार करता है तो होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलना मुश्किल नहीं होगा। ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, अराघची ने कहा कि संकट का समाधान निकालने के लिए अमेरिका को अपनी गलतियां स्वीकार करनी होंगी और पहले किए गए वादों को पूरा करना होगा। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां तनाव बढ़ने का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है।
गाजा को लेकर इस्लामिक देशों की आपात बैठक बुलाने की मांग
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने गाजा के हालात पर चर्चा के लिए इस्लामिक सहयोग संगठन की आपात बैठक बुलाने की भी मांग की। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने गाजा की स्थिति को ‘खामोश नरसंहार’ बताया और इस मुद्दे पर इस्लामिक देशों से चर्चा करने की अपील की।
बहरीन में अमेरिकी पैट्रियट रडार पर हमले का ईरान का दावा
इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन स्थित दो अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त हमला किया। ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB पर प्रसारित बयान के मुताबिक, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने अल-रिफा और अवाली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। संगठन का दावा है कि इन ठिकानों पर अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े रडार मौजूद थे।




