GST Impact: सेकेंड हैंड कारों पर भी स्पेशल डिस्काउंट, 2 लाख तक की छूट

नई दिल्ली
18 प्रतिशत जीएसटी हो जाने के बाद जहां कार कंपनियों ने गाडिय़ों के दामों में कमी की घोषणा की है, वहीं अब पुरानी कारों पर भी 2 लाख रुपए तक की छूट मिलेगी। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में वाहनों की कीमतों में कटौती से पहले पुरानी कारों के विक्रेता स्पिनी ने तत्काल प्रभाव से अपने ग्राहकों के लिए छूट की घोषणा की है। स्पिनी ने बताया कि हालांकि जीएसटी में पुरानी कारों पर कर की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कंपनी ने खुद ही ग्राहकों को विशेष छूट देने का फैसला किया है। इसमें दो लाख रुपए तक की छूट दी जायेगी। स्पिनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कारोबार प्रमुख हनीश यादव ने कहा कि कंपनी ने खुद पहल करते हुए 22 सितंबर को जीएसटी दरों में कटौती के प्रभावी होने से पहले कीमतों में कटौती का फैसला किया है। जीएसटी परिषद ने गत 3 सितंबर को अधिकतर वस्तुओं पर कर की दरों में कटौती की घोषणा की थी। छोटी कारों पर 22 सितंबर से 28 प्रतिशत की जगह 18 प्रतिशत कर लगेगा।




