छत्तीसगढ़

नशे में धुत कार चालक ने पैदल यात्री को मारी ठोकर, इलाज के दौरान मौत, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में नशे में वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है. शराब के नशे में धुत कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए पहले एक पैदल यात्री और फिर एक ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में पैदल यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 4 जनवरी की रात करीब 8 बजे भाटापारा केरा रोड, कब्रिस्तान के सामने मुख्य मार्ग पर हुई. ब्रेजा कार क्रमांक CG29F 3765 का चालक अमन गोयल (27 वर्ष), निवासी ओल्ड माइंस भटगांव, जिला सूरजपुर, शराब के नशे में शहर के बीचों-बीच नया बस स्टैंड जांजगीर से कचहरी चौक की ओर अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था. इसी दौरान उसने सड़क किनारे पैदल चल रहे नारायण सोनवान को टक्कर मार दी और कुछ दूरी आगे बढ़कर एक ऑटो को भी चपेट में ले लिया. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पैदल यात्री की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया. डॉक्टरी परीक्षण में आरोपी के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के निर्देश पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, वाहन में रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री जब्त कर ली है.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button