पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद लगातार तीसरे सप्ताह बढ़ा विदेशी मुद्रा भंडार, सोना भी बढ़ा

मुंबई: अमेरिका ने भले ही ईरान के साथ युद्ध विराम की अवधि को बढ़ा दी हो, लेकिन संकट अभी टला नहीं है। इसके बावजूद अप्रैल के तीन सप्ताह में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $15.25 billion की बढ़ोतरी हुई है। पिछले सप्ताह ही अपने फोरेक्स भंडार में $2.36 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक महीना पहले यानी मार्च 2026 के 4 सप्ताह के दौरान तो भंडार से $40 billion से भी ज्यादा निकल गए थे।
लगातार तीसरे सप्ताह बढ़ा Forex भंडार
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $2.362 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $3.825 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $703.308 billion तक पहुंच गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार बढ़ कर $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।
FCA भंडार में बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $1.481 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $3.127 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $557.463 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा
आलोच्य सप्ताह के दौरान रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $790 million की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $601 million की बढ़ोतरी हुई थी। इसी के साथ अब अपने सोने के भंडार का वैल्यू बढ़ कर $122.133 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस समय आरबीआई के पास सोने का भंडार 880 टन के पार चला गया है। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 15% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।
एसडीआर में मामूली बढ़ोतरी
- बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में मामूली बढ़ोतरी हुई है।
- समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एसडीआर में $78 million की बढ़ोतरी हुई है।
- अब यह बढ़ कर $18.841 billion का हो गया है।
- इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में भी $14 million की बढ़ोतरी हुई है।
- इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.870 billion का है।




