IND vs NZ T20 : World Cup की तैयारियों को अंतिम रूप देने उतरेगी टीम इंडिया

एजेंसियां— तिरुवनंतपुरम, भारतीय टीम ट्वेंटी-20 विश्व कप से पहले अपने आखिरी मुकाबले में शनिवार को न्यूजीलैंड का सामना करेगी। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का पांचवां टी-20 मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। सात फरवरी से टी-20 विश्व कप का आगाज़ हो रहा है, ऐसे में दोनों टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने उतरेंगी। भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय संजू सैमसन की खराब फॉर्म है। पांचवें टी-20 के दौरान उम्मीद रहेगी कि संजू सैमसन अपने घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में वापसी करने और अक्षर पटेल फिटनेस हासिल करने में सफल रहेंगे। सैमसन अब अपने गृह नगर में खेलेंगे और यहां के अपने समर्थकों के सामने शायद वह अपनी खोई हुई लय को फिर से प्राप्त कर लें। भारत ट्वेंटी-20 विश्व कप में अपना पहला मैच सात फरवरी को मुंबई में खेलेगा और वह उससे पहले यहां जीत हासिल करना चाहेगा। इस तरह से देखा जाए तो भारत इस मैच को औपचारिकता नहीं मानेगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत से शैली, ताकत और गहराई से भरपूर टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ेगा। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में ढेरों रन बनते रहे हैं। भारत ने यहां खेले गए अपने चार टी-20 मैचों में से तीन जीते हैं, जिसमें 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता गया एक मैच भी शामिल है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम पहले तीन मैचों में भारत के आक्रामक रवैए के सामने बेबस नजर आई, लेकिन विशाखापत्तनम में उन्होंने भारत के प्रमुख बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में कामयाबी हासिल की। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट करने के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाज शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी के बावजूद बाकी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे। अब उन्हें पता चल गया है कि यह भारतीय टीम अजेय नहीं है और 3-2 का अंतर उन्हें आगामी बड़े मुकाबलों से पहले मानसिक रूप से मजबूत कर सकता है। सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट के टीम में शामिल होने से न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को काफी मजबूती मिली है। न्यूजीलैंड की टीम हालांकि गेंदबाजी में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फग्र्यूसन टीम में शामिल है, लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।




