ईरान-अमेरिका बीच वार्ता अंतिम चरण में, ट्रंप की धमकी बोले- ‘समझौता न हुआ तो कठोर कदम उठाएंगे’

एएनआई, तेहरान। अमेरिका और ईरान में बीच समझौता अंतिम चरण में है और इसकी कभी भी घोषणा हो सकती है। इसी के साथ पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बंद होने की संभावना है। यह जानकारी सऊदी राज्य मीडिया अल अरबिया ने बुधवार को उन सूत्रों के हवाले से दी है जो चल रही वार्ताओं से परिचित हैं।
अल अरबिया के अनुसार, वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ती कूटनीतिक गतिविधियों के बीच एक ड्राफ्ट समझौते पर अंतिम रूप देने का कार्य चल रहा है। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि हज सीजन के बाद इस्लामाबाद में नई वार्ता का दौर चलने की उम्मीद है।
ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तेहरान समझौते पर हस्ताक्षर करने से इनकार करता है तो वाशिंगटन “थोड़े कठोर” कदम उठाने के लिए तैयार है।
कनेक्टिकट के ग्रोटन जाते समय जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में ट्रंप ने का कि हम ईरान के साथ अंतिम चरण में हैं। देखते हैं क्या होता है। या तो वे समझौता कर लेंगे या फिर हमें कुछ ऐसे कदम उठाने पड़ेंगे जो थोड़े कठोर होंगे, लेकिन उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा।
ट्रंप ने बातचीत को “नाजुक स्थिति” बताया
ट्रंप ने बातचीत को “नाजुक स्थिति” बताते हुए कहा कि ईरान को “सही जवाब” देना होगा, अन्यथा अमेरिका कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान के मामले में मेरे पास कोई विकल्प नहीं था क्योंकि वे परमाणु हथियार हासिल करने वाले थे। हम उन्हें परमाणु हथियार नहीं देंगे।
एक ताजा घटनाक्रम में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तेहरान में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्प्स (आइआरजीसी) के कमांडर से मुलाकात की। चर्चा का केंद्र क्षेत्रीय सुरक्षा समन्वय और कूटनीतिक विकास था।
इससे पहले सऊदी अरब ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के उस निर्णय का स्वागत किया था जिसमें उन्होंने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए ”कूटनीति को एक मौका देने” की बात कही थी। सऊदी अरब ने कहा कि उम्मीद है कि ईरान इस अवसर का लाभ उठाएगा और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी।




