मध्यप्रदेश

विवाहिता ने जहर खाने से पहले हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट, अहम साक्ष्य मान रही पुलिस

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से आत्महत्या का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस जांच के पारंपरिक तरीकों को बदल दिया है। चौरई थाना क्षेत्र के चन्हियाखुर्द गांव में 32 वर्षीय विवाहिता प्रीति वर्मा ने जहरीला पदार्थ खाने से पहले अपने दोनों हाथों और पैरों पर मेहंदी से एक लंबा दर्दनाक संदेश लिखा, जिसमें कथित प्रताड़ना का जिक्र है।

शुक्रवार को जहर खाने के बाद प्रीति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार शाम उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टर उसके मृत्यु पूर्व कथन दर्ज नहीं करा सके, जिसके चलते अब शरीर पर लिखी यह मेहंदी ही सबसे बड़ा कानूनी सबूत बन गई है

साक्ष्य न मिट जाएं, इसलिए कराई वीडियोग्राफी

महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसके हाथ और पैरों पर मेहंदी से लिखे गए संदेश इस पूरे मामले में सबसे अहम साक्ष्य हैं। त्वचा पर लिखे हर एक शब्द की फोटो और वीडियोग्राफी कराकर सुरक्षित कर ली गई है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

मोहन मर्सकोले, थाना प्रभारी, चौरई

बेटे की मौत और 13 साल के रिश्ते का दर्द

पुलिस जांच में पता चला है कि प्रीति की शादी साल 2013 में लखन वर्मा से हुई थी। उनकी एक 10 साल की बेटी है, लेकिन कुछ समय पहले बीमारी के कारण उनके बड़े बेटे की मौत हो गई थी। पुलिस अब मायके पक्ष के बयान दर्ज करने के साथ-साथ पति के मोबाइल फोन और डिजिटल चैट खंगाल रही है ताकि आत्महत्या के लिए उकसाने के कारणों का पता लगाया जा सके।

चौरई सुसाइड केस की क्रोनोलॉजी

वर्ष 2013: प्रीति और लखन वर्मा की शादी हुई थी, परिवार चन्हियाखुर्द में रहता था।
शुक्रवार: विवाहिता ने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन किया।
शनिवार शाम: इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम।
रविवार: पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

जरूरी सूचना: आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपका कोई परिचित किसी भी तरह के मानसिक तनाव, अवसाद या प्रताड़ना से गुजर रहा है, तो कृपया तुरंत मदद लें। आप राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन ‘किरण’ के टोल-फ्री नंबर 1800-599-0019 पर संपर्क कर मनोचिकित्सकों से मुफ्त परामर्श ले सकते हैं।

Related Articles

Back to top button