चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस रिमांड में आरोपियों ने उगले कई राज, रमाशंकर मिश्र के घर पर हुई छानबीन

अयोध्या। चढ़ावा चोरी को लेकर चल रही विवेचना में कुछ नए संदिग्ध भी सामने आ सकते हैं। बुधवार को पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपित रमाशंकर मिश्र एवं सुभाष श्रीवास्तव ने पुलिस के समक्ष कुछ नए राज उगले हैं, जो विवेचना की दिशा बदल सकते हैं। गणना के दौरान चढ़ावा चोरी के नए तथ्य भी उजागर हो सकते हैं। हालांकि पुलिस अब आरोपितों के बयान की सत्यता की पड़ताल करेगी। सुभाष से पुलिस लाइन में ही पूछताछ की गई।
बुधवार को पुलिस ने चढ़ावा चोरी में आरोपित रमाशंकर मिश्रा और सेवानिवृत्त बैंक कर्मी सुभाष श्रीवास्तव को 14 घंटे के पुलिस रिमांड पर लिया है, जो रात दस बजे समाप्त होगा। बुधवार सुबह निर्धारित समय आठ बजे आरोपितों को अभिरक्षा में लेने के लिए पुलिस कारागार पहुंच गई थी। दोनों आरोपितों को पुलिस लाइन लाकर पहले उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हुई।
पूछताछ के दौरान ही पुलिस रमाशंकर को लेकर अयोध्याधाम के मीरापुर डेराबीबी मुहल्ले में स्थित उसके आवास पहुंची, जहां उससे व उसके स्वजन से पूछताछ की एवं आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान रुपये एवं आभूषण बरामद होने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने बरामदगी की पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार रमाशंकर मिश्रा पर चढ़ावे को गणना कक्ष तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी। गिरफ्तारी के समय रमाशंकर के पास से सात लाख 32 लाख रुपये मिले थे। सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारियों की निगरानी करता था।
मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय से दोनों आरोपियों का सात दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा था, लेकिन न्यायालय ने 14 घंटे का रिमांड स्वीकृत किया। इससे पहले पुलिस इस मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है।
अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित साक्ष्यों को जुटाने में लगी हैं। पूर्व में रिमांड पर लिए गए आरोपितों के बयान से इन दोनों आरोपितों के बयान का भी मिलान कराया जा रहा है। नए साक्ष्य तलाशने के लिए पुलिस ने दोनों से अलग-अलग पूछताछ की है।
अब ताऊ-भतीजा को रिमांड पर लेगी
चढ़ावा चोरी के मामले में जेल भेजे गए आठ आरोपितों में से छह आरोपितों का पुलिस कस्टडी रिमांड पूरा हो चुका है। अब इस मामले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेगी। इन दोनों के रिमांड को अन्य अभियुक्तों के रिमांड से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




