जहरीले सांप ने 6 छात्राओं को डसा, 3 की मौत, गढ़चिरौली में पूर्व सांसद के रेजिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल की घटना

गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एक रेजिडेंशियल स्कूल में जहरीले सांप के काटने से तीन आदिवासी लड़कियों की मौत हो गई और तीन अन्य का इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना रविवार आधी रात के आसपास धनोरा तालुका मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर जप्तलाई गांव में एक सरकारी सहायता प्राप्त आदिवासी रेजिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल में हुई। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि लड़कियां स्कूल के हॉस्टल में जमीन पर सो रही थीं, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया।
पुलिस ने बताया कि मरने वाली छात्राओं की उम्र 8, 12 और 14 साल की थी। वहीं 11 से 14 साल की उम्र की तीन अन्य लड़कियों का सांप के काटने का इलाज चल रहा है। तीनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पूर्व सांसद का है स्कूल
यह घटना कुपरलिंगो एजुकेशनल एंड कल्चरल डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट, गढ़चिरौली के चलाए जा रहे एक सहायता प्राप्त प्राथमिक और माध्यमिक आश्रम स्कूल में हुई। यह संस्थान पूर्व सांसद मारोतराव कोवासे से जुड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 2 बजे एक सांप हॉस्टल के कमरे में घुस गया, जहां लगभग 79 छात्राएं जंमीन पर सो रही थीं। घटना के दौरान कई छात्राओं को सांप के काटने का संदेह है।
सांप काटने से मरने वाली छात्राओं के नाम
मृतक छात्राओं की पहचान छठी कक्षा की छात्रा दीपिका लकड़ा, आठवीं कक्षा की छात्रा सुष्मिता मंडल और दूसरी कक्षा की छात्रा अनु कोरेटी के रूप में की गई है। गढ़चिरौली के जिला जनरल अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष मेश्राम ने बताया कि पांचवीं कक्षा की छात्रा दीपिका बिटकुसाई मडावी की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य छात्राओं की हालत भी गंभीर है।
इस बीच, एहतियात के तौर पर 14 अन्य छात्राओं को जिला अस्पताल में मेडिकल ऑब्ज़र्वेशन में रखा गया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कई छात्राएं डर गई थीं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर मांगी रिपोर्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्हें मौतों के बारे में शुरुआती जानकारी मिली है और उन्होंने घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे सांप के काटने से छात्राओं की मौत की जानकारी मिली है। मैंने घटना के बारे में और जानकारी मांगी है। घटना के बाद, स्वास्थ्य और पुलिस विभागों की टीमों ने जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारी उन हालात की जांच कर रहे हैं जिनमें सांप हॉस्टल में घुसा और उन घटनाओं के क्रम की भी जांच कर रहे हैं जिनकी वजह से छात्रों को सांप ने काटा।
जिला कलेक्टर का बयान
जिला कलेक्टर अविष्यंत पांडा ने कहा कि घटना कैसे हुई, छात्रों के रहने की जगह पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, और क्या स्कूल प्रबंधन ने जरूरी सुरक्षा नियमों और सावधानियों का पालन किया था, यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने एक बयान में कहा कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि बची हुई तीन छात्राओं को तुरंत एंटी-वेनम दवाएं दी गईं और मेडिकल टीमें उन पर कड़ी नजर रख रही हैं।
अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
पांडा ने जिला सर्जन को निर्देश दिया कि इलाज में कोई कमी न हो और छात्राओं को विशेष देखभाल मिले। आदिवासी विकास विभाग की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण करेंगी और जरूरी जानकारी इकट्ठा करेंगी। पांडा ने कहा कि अगर जांच के दौरान लापरवाही या सुरक्षा में चूक पाई जाती है, तो ज़िम्मेदारी तय की जाएगी और नियमों के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गढ़चिरौली के सह-अभिभावक मंत्री आशीष जायसवाल ने भी घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जायसवाल ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि इलाज करा रही छात्राओं को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाए।




