चलती ट्रेन में युवक ने गाया ‘दूल्हे का सेहरा’ गाना, मिटा दी यात्रियों की थकान

ट्रेन का लंबा सफर अक्सर काफी थका देने वाला होता है. घंटों तक सीट पर बैठे रहना, लगातार सुनाई देने वाली पटरियों की आवाज़, भीड़, गर्मी और सफर की भागदौड़ कई बार यात्रियों को परेशान कर देती है. ऐसे में अगर इसी सफर के बीच कोई मधुर आवाज कानों में पड़ जाए, तो पूरी थकान पलभर में गायब हो जाती है. संगीत में इंसान का मूड बदलने की ताकत होती है और यही वजह है कि कई बार रास्ते में मिलने वाला कोई अनजान कलाकार भी लोगों के दिल में खास जगह बना लेता है. सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चलती ट्रेन में एक युवक अपनी सुरीली आवाज से ऐसा समां बांध देता है कि पूरा डिब्बा कुछ देर के लिए जैसे संगीत में खो जाता है.
दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक चलती ट्रेन के डिब्बे में बैठकर फिल्म ‘धड़कन’ का मशहूर गाना ‘दूल्हे का सेहरा’ बेहद सुरीली आवाज में गा रहा है. उसकी गायकी में इतना दम और मिठास है कि डिब्बे में मौजूद यात्री उसकी ओर आकर्षित हो जाते हैं. खास बात यह है कि युवक अकेला नहीं है, बल्कि उसके साथी भी तबला और गिटार बजाकर उसका पूरा साथ दे रहे हैं. तीनों मिलकर ऐसा शानदार माहौल बना देते हैं कि कुछ देर के लिए पूरा डिब्बा मानो एक छोटे से म्यूजिकल कॉन्सर्ट में बदल जाता है. ट्रेन के शोर और यात्रियों की आवाजाही के बावजूद युवक की आवाज इतनी साफ, मधुर और दिल को छू लेने वाली सुनाई देती है कि आसपास बैठे लोग अपनी बातचीत और दूसरे काम छोड़कर उसकी गायकी का आनंद लेने लगते हैं. कई यात्री मुस्कुराते हुए अपने मोबाइल से इस खूबसूरत पल को रिकॉर्ड करते नजर आते हैं, जबकि कुछ लोग पूरे गाने को बड़े ध्यान से सुनते हुए तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं. युवक और उसके साथियों की यह प्रस्तुति यात्रियों की लंबी यात्रा की थकान को मानो कुछ पलों के लिए पूरी तरह भुला देती है.
सोशल मीडिया पर छा गई सुरीली आवाज
इस वीडियो को @its_aman_0013 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है. शेयर करते ही यह वीडियो तुरंत वायरल हो गाया, खबर लिखे जाने तक इसे 8 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया है और 8 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक भी किया है. वीडियो पर लोगों ने दिल खोलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने लिखा- “ऐसी आवाज को जरूर बड़ा मंच मिलना चाहिए.” दूसरे ने कहा- “अगर आंखें बंद करके सुनो, तो ऐसा लगता है जैसे किसी फिल्म का ओरिजिनल गाना चल रहा हो.” एक अन्य यूजर ने लिखा- “ट्रेन का सफर कितना भी थका देने वाला क्यों न हो, ऐसी आवाज पूरी यात्रा को यादगार बना देती है.” कई लोगों ने यह भी कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. बस जरूरत है सही मौके और सही पहचान की. यह युवक भी उन्हीं अनगिनत प्रतिभाशाली लोगों में से एक है, जो बिना किसी बड़े मंच के अपने हुनर से लोगों का दिल जीत रहे हैं.कई लोगों ने लिखा कि आजकल ऑटो-ट्यून और एडिटिंग के दौर में इतनी साफ और दिल छू लेने वाली आवाज सुनना किसी सुखद एहसास से कम नहीं है. यह वायरल वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि असली टैलेंट किसी स्टूडियो, रियलिटी शो या बड़े मंच का मोहताज नहीं होता. कई बार जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल हमें सफर के दौरान ही मिल जाते हैं और किसी अनजान शख्स का हुनर पूरे दिन की थकान को मुस्कान में बदल देता है.




