खेल

पहली बार इतने बेबस दिखे वैभव सूर्यवंशी, 5 गेंदें डॉट और फिर हुए आउट

वैभव सूर्यवंशी अगर 11 गेंदें खेलकर आउट हुए हों तो कोई भी अंदाजा लगाएगा कि कम से कम 25-30 रन उन्होंने बनाए होंगे, लेकिन बुधवार को मोहसिन खान के खिलाफ वह संघर्ष करते हुए दिखे. वैभव 11 गेंदों में 72 की स्ट्राइक रेट से 8 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान कुछ ऐसा भी हुआ जो पहले कभी नहीं हुआ था.

वैभव सूर्यवंशी ने IPL में बड़े-बड़े गेंदबाजों को नहीं बख्शा. शायद ही कभी उन्होंने लगातार 3 गेंदें भी डॉट खेली हों, लेकिन बुधवार को मोहसिन खान के खिलाफ उन्होंने इससे भी ज्यादा गेंदें डॉट खेली. वैभव ने सीजन के शुरूआती 6 मैचों में 248 रन बनाए थे.

मोहसिन के आगे दिखे बेबस

ये पारी के चौथे ओवर में हुआ, जो मोहसिन खान ने डाला. गेंदबाज ने पहली गेंद से वैभव सूर्यवंशी पर दबाव बनाना शुरू किया, उन्होंने अच्छी गेंदें डाली जिस पर वैभव ने सिर्फ डिफेंसिव क्रिकेट खेला और सिंगल का प्रयास किया लेकिन एक भी रन नहीं ले पाए. लगातार 5 गेंदें डॉट होने के बाद वैभव पर दबाव बढ़ने लगा था. मोहसिन खान ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया था, अंतिम गेंद पर बड़ा प्रहार करने की कोशिश में वह कैच आउट हुए.

मोहसिन ने अंतिम गेंद ऑफ स्टंप की लेंथ पर गेंद डाली, वैभव ने इस गेंद पर लेग साइड में मारने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के निचले भाग पर लगी और ऊंची उठी. कवर पर खड़े दिग्वेश सिंह राठी ने पीछे की ओर भागते हुए एक अच्छा कैच पकड़ा.

मैच का हाल

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर LSG ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. लखनऊ के गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी (8), यशस्वी जायसवाल (22), ध्रुव जुरेल (8) जैसे टॉप आर्डर के बल्लेबाजों को सस्ते में आउट करने में सफल रहे. रविंद्र जडेजा ने अंत में आकर 43 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर राजस्थान के स्कोर को 159 तक पहुंचाया, जो इस स्टेडियम में एवरेज स्कोर है. जडेजा ने 29 गेंदों में 43 रन बनाए.

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही, ओपनर मिचेल मार्श एक छोर पर टिके रहे लेकिन दूसरे छोर पर टॉप 3 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए. आयुष बडोनी तालमेल की कमी के चलते रन आउट हुए. 

इसके बाद ऋषभ पंत पहली गेंद से बड़ा प्रहार करने की कोशिश करने लगे, लेकिन अपनी तीसरी गेंद पर गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलते हुए विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए. चौथे नंबर पर आए एडन मार्क्रम भी शून्य पर आउट हुए. लखनऊ की पूरी टीम 18 ओवरों में 119 रनों पर ढेर हो गई और राजस्थान रॉयल्स ने 40 रनों से इस मैच को जीत लिया.

Related Articles

Back to top button