राष्ट्रीय

नदियों का अस्तित्व बचाना हमारी जरूरत

तमिलनाडु की तामिराबरानी नदी से जुड़ा एक मामला चर्चा में है। मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने जुलाई, 2026 में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। मामला नदी के किनारे बने एक मंडप और उससे संबंधित विवाद से शुरू हुआ था लेकिन सुनवाई के दौरान नदी में फैंके जा रहे कपड़ों और दूसरी वस्तुओं से होने वाले प्रदूषण का गंभीर प्रश्न सामने आया। अदालत को बताया गया कि मई, 2026 में केवल 22 दिनों के दौरान नदी से लगभग 86 से 90 टन पुराने कपड़े, 1,385 किलो प्लास्टिक, कांच की बोतलें, चप्पलें और दूसरी वस्तुएं निकाली गईं। 9 जुलाई, 2026 के फैसले में अदालत ने तामिराबरानी नदी को सीमित उद्देश्य के लिए कानूनी व्यक्तित्व यानी ज्यूरिस्टिक पर्सन का दर्जा दिया और स्पष्ट किया कि किसी को भी धर्म या आस्था के नाम पर नदी को प्रदूषित करने का अधिकार नहीं है, अर्थात अब नदियां भी अदालत जा सकती हैं और अपना मुकद्दमा दायर कर सकती हैं।

मां समान नदियों की हालत : नदियों की पूजा मां के रूप में की जाती है। गंगा तो पूजनीय ही है। छोटी-बड़ी हजारों नदियां हैं। इनके किनारे सभ्यताएं बसीं, शहर विकसित हुए, खेती फली-फूलीं और करोड़ों लोगों की जिंदगी इनसे जुड़ी रही। आज नदियां ऐसी हैं, जिनका पानी देखकर शायद ही कहा जा सके कि इसमें नहाया जा सकता है, पानी इस्तेमाल किया जा सकता है। नाक पर रूमाल रखना आम है, पानी में झाग और बदबू से उबकाई आती है। प्लास्टिक, गंदगी तथा नालों का पानी नदी की पहचान बन गए हैं। गंगा हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी मैली है और न जाने कब साफ होगी। यही हाल लगभग सभी नदियों का है। नदियों से रेत और अन्य निर्माण सामग्री के अवैध खनन से उसे खोखला करने की गति तेज हो जाती है। कहीं पानी कम होने या बिल्कुल न होने से आने-जाने के रास्ते खुल जाते हैं और झुग्गी बस्तियों की भरमार हो जाती है। बरसात में पानी भरने पर निकासी के लिए ठेके और बाढ़ आ गई तो झोंपडिय़ों के बह जाने पर सरकारी मुआवजे का खेल चलता रहता है। 

उदाहरणस्वरूप, दिल्ली और एन.सी.आर. में यमुना को लेकर एक बड़ी योजना बनाई गई है। नागपुर स्थित सी.एस.आई.आर. संस्थान नीरी जो पर्यावरण में सुधार और प्रदूषण रोकने के लिए आधुनिक टैक्नोलॉजी तैयार करने में अग्रणी है, उसे भी जोड़ा गया है। लेकिन टैक्नोलॉजी का अलमारी और फाइलों की कैद से कभी-कभार ही बाहर निकलना हो पाता है। यमुना की सफाई के लिए करोड़ों रुपए खर्च हुए लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। एक विभाग दूसरे विभाग पर जिम्मेदारी डालता रहा। इस बीच नदी गंदी होती रहती है। सुप्रीम कोर्ट ने 4 नवम्बर, 2026 के अपने आदेश में यमुना की सफाई के लिए प्रस्तुत एक्शन प्लान पर महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं, जिसमें 125 नए सीवेज ट्रीटमैंट प्लांट बनाने और 520 नालों के गंदे पानी को रोककर उपचार की व्यवस्था करने सहित कई प्रस्ताव थे। अदालत ने सवाल उठाया कि मौजूदा संयंत्रों में से कितने निर्धारित मानकों पर काम कर रहे हैं, नदी के किनारे और बाढ़ क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति क्या है और अलग-अलग राज्यों के बीच तालमेल कितना प्रभावी है। इसका जवाब कब मिलेगा, कोई नहीं जानता।

दुनिया ने नदियों को बचाया, हमने बहाने बनाए : यह तर्क दिया जाता है कि आबादी बहुत है, शहर तेजी से फैल रहे हैं और प्रदूषण रोकना आसान नहीं है। लेकिन दूसरे देशों के अनुभव बताते हैं कि नदी का प्रदूषण कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। लंदन की पहचान मानी जाने वाली टेम्स नदी 1950 के दशक तक इतनी प्रदूषित हो चुकी थी कि 1957 में उसे जैविक रूप से मृत घोषित किया गया लेकिन इंगलैंड ने इसे अपनी नियति मानकर स्वीकार नहीं किया। सीवेज के उपचार की व्यवस्था में सुधार किया गया, औद्योगिक कचरे पर नियंत्रण और नदी में गंदा पानी छोडऩे पर सख्ती की गई। कई दशकों तक लगातार प्रयास का परिणाम यह हुआ कि नदी में मछलियां लौटने लगीं। आज टेम्स नदी तंत्र में 125 से अधिक मछली प्रजातियां दर्ज की गई हैं। सिंगापुर नदी 1970 के दशक में इतनी गंदी हो चुकी थी कि उसके आसपास रहना मुश्किल था। 1977 में सिंगापुर ने 10 साल के भीतर नदी को साफ करने का लक्ष्य रखा। केवल नदी से कचरा निकालने का अभियान नहीं, प्रदूषण पैदा करने वाले स्रोतों को भी नष्ट किया गया। आज उसी नदी के किनारे सुंदर सार्वजनिक स्थल, रेस्तरां और पर्यटन की सुविधाएं हैं। 

यूरोप की राइन नदी कई देशों से होकर गुजरती है। 1986 में स्विट्जरलैंड के एक रासायनिक कारखाने में आग लगने के बाद जहरीले रसायन नदी में पहुंच गए। 1987 में स्विट्जरलैंड, जर्मनी, फ्रांस, नीदरलैंड्स और अन्य देशों ने मिलकर राइन एक्शन प्रोग्राम शुरू किया। औद्योगिक कचरे पर नियंत्रण, सीवेज उपचार, दुर्घटनाओं की रोकथाम और पानी की गुणवत्ता की निगरानी के लिए सांझी व्यवस्था बनाई गई। 1985 से 2000 के बीच कई प्रमुख प्रदूषकों का नदी में पहुंचना 70 से 100 प्रतिशत तक कम हुआ।

भारत में समाधान : हर शहर और कस्बे के सभी नालों का नक्शा तैयार हो। देखा जाए कि कौन-सा नाला कितना गंदा पानी नदी में डाल रहा है और उसे साफ करने की जिम्मेदारी किस विभाग की है। नाले का पानी नदी में पहुंचने से पहले उसका उपचार अनिवार्य होना चाहिए। हर उद्योग की अचानक जांच हो और नियम तोडऩे वालों पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाए। नदी के किनारे कचरा संग्रह केंद्र, पूजा सामग्री, पुराने कपड़े, प्लास्टिक के लिए अलग जगह और मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब तथा कचरा उठाने की नियमित व्यवस्था, प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों पर सख्ती तथा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हो। कानूनों की कमी नहीं है। कानून इतने हैं कि किस पर अमल हो, समस्या यही है। यहीं से रिश्वत और भ्रष्टाचार का रास्ता निकल जाता है। नदी को बचाना कोई उपकार नहीं, हमारी जरूरत है। नदी को साफ करने का तरीका यह नहीं कि हम उसमें से गंदगी निकालें, बल्कि यह है कि हम अपनी गंदगी उसमें डालना ही बंद कर दें।-पूरन चंद सरीन

Related Articles

Back to top button