दिल्ली में AAP और BJP विधायक का एक्सीडेंट, दोनों को आईं चोटें

मध्य दिल्ली में रविवार (23 अगस्त) की रात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय के पास दो कारों की टक्कर में छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिनमें किराड़ी के मौजूदा विधायक अनिल झा समेत दो विधायक शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार करते हुए सामने से आ रही एक इनोवा कार से जा भिड़ी. कार को अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ यात्रा कर रहे 32-वर्षीय आशुतोष पांडे चला रहे थे.
हादसे में 6 लोग घायल
इनोवा कार में अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे. पुलिस के मुताबिक, हादसे में सभी छह लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया. सभी की हालत स्थिर बताई गई है.
पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है. विधायक अनिल झा और अभय पाटिल को ले जा रही कार के ड्राइवर अनुपम गौर ने ITO इलाके के पास हुए एक्सीडेंट पर कहा, “मैंने ITO ट्रैफिक लाइट से दाईं ओर मुड़कर हेडक्वार्टर के बाहर गाड़ी रोकी.
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
ड्राइवर ने बताया कि दूसरी तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने मेरी गाड़ी को टक्कर मार दी. एयरबैग्स की वजह से मुझे चोट नहीं आई. रेड लाइट से मैं सिर्फ 20 km/h की रफ्तार से चल रहा था, लेकिन दूसरी कार तेज रफ्तार में थी जब उसने मेरी गाड़ी को टक्कर मारी.”
फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस असल वजह का पता लगा रही है. साथ ही टक्कर मारने वाली तेज रफ्तार कार के मालिक और चालक का भी पता लगाया जा रहा है. वहीं हादसे में घायल लोगों को इलाज के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.




