खेल

धर्मशाला में एक हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा, सीसीटीवी-ड्रोन से भी रहेगी नज़र

 धर्मशाला, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच 14 दिसंबर को होने वाले टी-20 मैच को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से आठ सेक्टरों में बांटा जाएगा। इसमें पुलिस अधिकारियों सहित एक हज़ार जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। 12 दिसंबर से शहर के चप्पे-चप्पे में खाकी की तैनाती कर दी जाएगी। साथ ही पुलिस विभाग धर्मशाला स्टेडियम को भी अपनी निगरानी में ले लेगा। इसके अलावा पुलिस विभाग की ओर से शहर व स्टेडियम को सीसीटीवी व ड्रोन से हर गतिविधि पर पैनी नज़र रखी जाएगी। शहर में मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पुलिस मैदान, दाड़ी मेला मैदान, पुलिस लाइन, डीसी कांगड़ा एवं राज्य सचिवालय पार्किंग सहित चरान फुटबॉल मैदान में की गई है।

मैच के दौरान 14 दिसंबर को सैनिक बोर्ड से दाड़ी आईटीआई स्टेडियम रोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि मैच के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर विभाग द्वारा खाका तैयार कर लिया गया है। इसके तहत पुलिस जवानों के साथ करीब 20 एएसपी व डीएसपी रैंक अधिकारी सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर जिम्मा संभालेंगे।

टिकट ब्लैक करने पर कार्रवाई

मैच के दौरान टिकट ब्लैक करने वालों पर विभाग की नजर रहेगी और ऐसा कोई मामला पाया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मैच के पूर्व ही पुलिस जवान डयूटी स्थल का जिम्मा संभाल लेंगे। कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को मैदान में प्रवेश मिलेगा।

यहां होगी गाडिय़ों की पार्किंग

मैच के दिन दर्शकों की सुविधा व पार्किंग व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस मैदान धर्मशाला, पुलिस लाइन कांप्लेक्स, डीसी कार्यालय, मेला ग्राउंड दाड़ी, चरान स्थित फुटबॉल मैदान व चीलगाड़ी रोड पर वाहनों को पार्किंग स्थलों के लिए चिन्हित किया गया है।

12-13 को ऑफलाइन मिलेगा टिकट

धर्मशाला। धर्मशाला टी-20 मैच को लेकर क्र्रिकेट प्रेमियों के लिए 12 व 13 दिसंबर यानी शुक्रवार व शनिवार को ऑफलाइन सस्ती टिकट बिक्री का काउंटर धर्मशाला स्टेडियम में लगाया जाएगा। इसमें 1500, 1750, 2200, 3500 से लेकर पांच हज़ार तक के सभी टिकट उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं, धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले भारत-अफ्रीका टी-20 मैच को लेकर ऑनलाइन टिकट विक्रेता कंपनी की ओर से सस्ती टिकटों को दबा लिया गया है। कंपनी अपनी मनमर्जी से सस्ती टिकटों के स्लॉट खोल रही है।

कंपनी ने मंगलवार को भी सबसे सस्ती 1500, 1750 रुपए की ऑनलाइन टिकट का स्लॉट खोला। मंगलवार को ऑनलाइन टिकट बुकिंग ऐप में वेस्ट स्टैंंड दो, ईस्ट स्टैंड दो और नॉर्थ वेस्ट स्टैंड सबसे सस्ती टिकट की बुकिंग के लिए उपलब्ध रहे। उधर, एचपीसीए के महासचिव अवनीश परमार ने बताया कि 12 व 13 दिसंबर को ऑफलाइन टिकट काउंटर खोला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button