मनोरंजन

‘बॉर्डर 2’ ने 300 करोड़ क्लब में मारी ग्रैंड एंट्री, ‘मर्दानी 3’ ने लगाया जोर

नई दिल्ली. सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर आखिरकार अपना दम दिखा ही दिया. हालांकि, इस बीच फिल्म की कमाई की रफ्तार जरूर कम हुई. लेकिन तीसरे शनिवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बॉर्डर 2 ने 300 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. दूसरी तरफ, रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपना जोर दिखाया है. वहीं, 6 फरवरी को रिलीज हुई ‘वध 2’ की कमाई में दूसरे दिन हल्की बढ़त देखने को मिली है लेकिन कलेक्शन लाखों में ही सिमटकर रह गया.

सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारों से सजी वॉर ड्रामा फिल्म ने अब भारत की टॉप 20 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है. भले ही बीच में फिल्म की कमाई में गिरावट देखी गई थी, लेकिन वीकेंड पर दर्शकों ने एक बार फिर थिएटर का रुख किया और फिल्म को इस ऐतिहासिक क्लब में शामिल कर दिया.

300 करोड़ के पार हुई सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’

‘बॉर्डर 2’ ने पहले दो हफ्तों में ही भारत में 295 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था, जिसमें अकेले 26 जनवरी की कमाई 59 करोड़ रही. हालांकि, तीसरे हफ्ते में आते ही फिल्म की रफ्तार में भारी गिरावट दर्ज की गई और एक समय तो ऐसा आया जब इसकी डेली कमाई 3 करोड़ से भी नीचे गिर गई. लेकिन तीसरे शनिवार को फिल्म ने 3.75 करोड़ का बिजनेस किया, जिससे 16 दिनों में इसका कुल कलेक्शन 301 करोड़ पहुंच गया.

रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने एक हफ्ते में 26.3 करोड़ की कमाई की. 8वें दिन फिल्म ने 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों की मानें तो 9वें दिन ‘मर्दानी 3’ ने एक बार फिर जोर दिखाया और 2.75 करोड़ का बिजनेस कर लिया. इस तरह अब तक रानी मुखर्जी की फिल्म ने भारत में 30.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.

‘वध 2’ की कमाई में नहीं दिखा कुछ खास उछाल

अब बात करते हैं क्राइम ड्रामा ‘वध 2’ की. नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों मे रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर इसका  50 लाख रुपये से खाता खुला. वैसे दूसरे दिन यह मूवी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई और 71 लाख का बिजनेस किया. इस तरह दो दिन में नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की फिल्म 1.21 करोड़ की कमाई कर पाई है. यह मूवी साल 2022 की ‘वध ‘का स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसका डायरेक्शन जसपाल सिंह संधू ने किया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button