गाजियाबाद में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कट के पास हादसा, बेटे समेत गहरे नाले में गिरा बाइक सवार

गाजियाबाद: गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबकर लोगों की मौत के बाद भी लोनी नगर पालिका नहीं चेत रही है। लोनी में ऐसे खुले नाले हैं, जिन्हें ढका नहीं जा रहा है। शुक्रवार को गढ़ी कटैया के पास खुले नाले में एक बाइक सवार गिर गया जिसे राहगीरों ने बचाया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक कट गढी कटैया में पूर्व चैयरमेन डॉ. विनोद बंसल के घर के पास है। इसी कट से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए वाहन चालक खन्ना नगर होते हुए आते हैं। इस सड़क से लोनी की ओर आते समय 100 मीटर की दूरी पर ढलान पर शॉर्प टर्न है। ठीक इसी जगह खुला नाला है, जहां अक्सर कार और बाइक गिर जाती है। शुक्रवार को भी एक शख्स बाइक से बेटे के साथ जा रहा था, तभी नाले में गिर गया।
लोनी में खुले पड़े हैं नाले
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना ऐसे हादसे हो रहे है। विकास नगर चौराहे के कट के पास भी ऐसा ही टर्न है। वहां भी अक्सर दुर्घटनाएं होती है। इसके बाद भी जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। बलराम नगर 60 फुटा रोड पर भी टर्निंग पॉइट पर नाला कटा हुआ है। मामले को लेकर नगर पालिका अधिकारी केके मिश्रा को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। पूर्व चैयरमेन डॉ. विनोद बंसल ने बताया कि उनके घर के पास भी शॉर्प कट है।



