व्यापार

सास ने दिया हौसला तो नौकरी छोड़कर शुरू किया ये बिजनेस, अब लाखों की कमाई कर रही है बहू

नई दिल्‍ली: कनिका गंगहार राजधानी दिल्‍ली की रहने वाली हैं। उनकी कहानी साहस और पारिवारिक समर्थन की मिसाल है। दो दशकों से ज्‍यादा लंबे बैंकिंग और बीमा करियर को अलविदा कहकर उन्‍होंने उद्यमिता का मुश्किल रास्‍ता चुना। साल 2023 में कनिका ने अपने स्‍टार्टअप की नींव रखी। इसका नाम नाचेरल (Nacharel) है। यह सस्टेनेबल स्किन और हेयर केयर ब्रांड 53 से ज्‍यादा हाथ से बने ऑर्गेनिक और हर्बल प्रोडक्ट्स पेश करता है। ये सभी प्रोडक्ट्स छोटी-छोटी खेप में 100% प्राकृतिक चीजों से बनाए जाते हैं। सास के प्रोत्‍साहित करने पर 6 लाख रुपये की पूंजी से कनिका ने इसकी शुरुआत की थी। अब यह ब्रांड लाखों की कमाई कर रहा है। आइए, यहां कनिका गंगहार की सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।

कनिका लेडी इरविन कॉलेज से ग्रेजुएट और एमिटी यूनिवर्सिटी से एमबीए हैं। बैंकिंग और इंश्‍योरेंस सेक्‍टर में 23 साल से अधिक समय बिताया। हालांकि, उनके मन में हमेशा से एथिकल स्किनकेयर ब्रांड शुरू करने का विचार था। इस सपने को हकीकत में बदलने का श्रेय वह अपनी दिवंगत सास मीना गंगहार को देती हैं। उन्‍होंने ही कनिका को अपनी जमी-जमाई नौकरी छोड़कर कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया। सास के इसी भरोसे को सम्मान देने के लिए ब्रांड की पैरेंट कंपनी का नाम ‘मीना एंटरप्राइजेज’ रखा गया।

कनिका ने जनवरी 2023 में अपनी सेविंग से 6 लाख रुपये का निवेश करके अपना ब्रांड लॉन्च किया। उन्होंने बाजार में सिंथेटिक उत्पादों और रसायनों की भरमार देखी। उसके विकल्प के रूप में 100% नैचुरल और हैंडक्राफ्टेड यानी हाथ से बने उत्पाद पेश किए। उन्होंने दिल्ली में अपनी वर्कशॉप में छोटे बैचों में प्रोडक्‍ट बनाना शुरू किया। शुरुआत में 3 कैटेगरी से शुरू हुआ यह सफर अब 53 से अधिक उत्पादों तक पहुंच चुका है। इसमें फेस सीरम, बाथिंग बार और वेलनेस उत्पाद शामिल हैं।

कनिका के लिए मैन्युफैक्चरिंग की दुनिया बिल्कुल नई थी। शुरुआत में उन्‍हें कई बाधाओं का सामना करना पड़ा। इनमें फॉर्मूलेशन की जानकारी न होना, सप्लायरों के रिजेक्शन और उत्पादन में देरी जैसी मुश्किलें शामिल थीं। यहां तक कि खुद के मुंहासों के दागों के साथ एक ब्यूटी ब्रांड का चेहरा बनना उनके लिए मेंटल चैलेंज था। लेकिन, अपने पति और ससुराल के सहयोग से उन्होंने इन मुश्किलों को पार किया। उन्होंने ‘ग्रीनवॉशिंग’ (झूठे प्राकृतिक दावे) के दौर में शुद्धता और पारदर्शिता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया।

बिना किसी बाहरी निवेश के चलते हुए कनिका के स्‍टार्टअप ने जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की है। वित्त वर्ष 2025-26 में ब्रांड का रेवेन्‍यू 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है। इसे अगले साल 30 लाख रुपये तक ले जाने का टारगेट है। आज यह ब्रांड न केवल अमेजन और मिंत्रा जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, बल्कि अमेरिका और यूएई जैसे देशों में भी अपनी पहचान बना रहा है। कनिका का टारगेट अब ‘वॉटरलेस’ ब्यूटी प्रोडक्ट्स और नैचुरल परफ्यूमेरी जैसे नए सेक्‍टरों में विस्तार करना है।

Related Articles

Back to top button