विदेशों में भी होती है मेट्रो में सीट के लिए मार-कुटाई, बुजुर्ग ने जवान महिला को फर्श पर पटका!

भारत की मेट्रो ट्रेनों में सीट को लेकर होने वाली कहासुनी और मारपीट के किस्से तो आपने खूब सुने होंगे, लेकिन ऐसी मार-कुटाई अब विदेशों में भी सामने आने लगी है. चीन के शंघाई मेट्रो की लाइन 1 पर हाल ही में एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसने यह साबित कर दिया कि सीट के लिए होने वाला संघर्ष सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी देखने को मिलता है. यहां एक 66 साल की बुजुर्ग महिला और 32 साल की महिला के बीच एक खाली सीट को लेकर ऐसी भयंकर लड़ाई हुई कि डिब्बे में मौजूद यात्री दहशत में आ गए. यह घटना बीते 25 अप्रैल की है. ट्रेन खचाखच भरी हुई थी और बैठने की जगह को लेकर दोनों महिलाओं में बहस शुरू हुई, जो पल भर में हिंसक झड़प में बदल गई.
हैरानी की बात यह रही कि उम्र में काफी बड़ी होने के बावजूद बुजुर्ग महिला ने जबरदस्त फुर्ती दिखाई और अपनी युवा प्रतिद्वंदी को काबू में कर लिया. जैसे ही झगड़ा बढ़ा, बुजुर्ग महिला ने 32 साल की महिला को पकड़कर फर्श पर पटक दिया. यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों के बीच जमकर बाल खींचने और धक्का-मुक्की का दौर चला. फर्श पर गिरने के बाद जवान महिला ने उठने की कोशिश की और बुजुर्ग के बाल खींचकर जवाब देना चाहा, लेकिन बुजुर्ग ने दोबारा उसे नीचे गिरा दिया और उस पर हावी हो गईं. इस दौरान महिलाओं के हैंडबैग, मोबाइल फोन और अन्य सामान पूरे डिब्बे में बिखर गए. भयंकर मारपीट के बाद जो हुआ वह और भी चौंकाने वाला था.
बुजुर्ग महिला अंत में फर्श से उठी और बड़े ही शांत भाव से उसी विवादित सीट पर जाकर बैठ गई, जिसके लिए यह सारा तमाशा हुआ था. हालांकि, उनकी यह जीत कुछ ही देर की रही, क्योंकि मेट्रो पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है. शंघाई पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ प्रशासनिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है और उन्हें हिरासत में रखा गया है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है और इसे अब तक 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. इंटरनेट यूजर्स इस बात पर हैरान हैं कि एक बुजुर्ग महिला ने कैसे एक जवान महिला को धूल चटा दी. एक चश्मदीद ने चुटकी लेते हुए कहा कि “आजकल के युवाओं की शारीरिक हालत रिटायर्ड लोगों के मुकाबले काफी कमजोर हो गई है”.




