सफदरजंग ‘शूट आउट’ मामले में ढाई महीने से फरार आरोपी नसीम गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या की कोशिश के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी नसीम को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले करीब ढाई महीने से पुलिस से बचता फिर रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह मामला 10-11 फरवरी 2026 की रात का है, जब सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में उपहार सिनेमा के पास कुछ युवक एक महिला से झगड़ा कर रहे थे. उसी दौरान वहां पहुंचे तारीफ नाम के युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. आरोप है कि नसीम और उसके साथियों ने पहले तारीफ के साथ मारपीट की और फिर उस पर गोली चला दी. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
दो आरोपियों को पूर्व में किया जा चुका है गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपी नौशाद और निर्भय भाटी को गिरफ्तार किया जा चुका है. जबकि मुख्य आरोपी नसीम फरार चल रहा था. उसने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी भी लगाई थी, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया.
दिल्ली पुलिस ने खुफिया जानकारी पर की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली कि नसीम जामिया नगर इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की मदद से 29 अप्रैल को जाल बिछाकर उसे दबोच लिया. पुलिस टीम ने बिना किसी हंगामे के आरोपी को काबू में कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने कबूल की अपनी भूमिका
पूछताछ में नसीम ने वारदात में अपनी भूमिका कबूल कर ली है. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है. फिलहाल उससे आगे की पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है.




