जिस आईपीएस अधिकारी की रियल स्टोरी पर बनी थी ’12th Fail’ फिल्म, उन्हें मुंबई में मिली अहम पोस्ट

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 50 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के एक साथ तबादले कर दिए। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में मुंबई पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की नियुक्ति को लेकर हो रही है। 2005 बैच के अधिकारी शर्मा को मुंबई का नया जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।
कौन हैं मनोज शर्मा
मनोज शर्मा वही अधिकारी हैं जिनके संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित फिल्म ’12वीं फेl’ ने देशभर में काफी लोकप्रियता हासिल की थी। उन्होंने अपने करियर में मुंबई में DCP जोन-1 और एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (पश्चिमी क्षेत्र) के रूप में भी काम किया है। मनोज शर्मा एमपी के मुरैना जिले के गांव बिलगांव के रहने वाले हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई लिखाई गांव में ही हुई थी। वो पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे। नौवीं और दसवीं में थर्ड क्लास से पास हुए मनोज शर्मा 12वीं में फेल कर गए थे। लेकिन उनका सपना आईपीएस बनने का था। इसके बाद उनके संघर्ष की शुरुआत हुई। उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए दिल्ली में बड़े लोगों का कुत्ता तक भी घुमाया।
इन अधिकारियों के भी हुए तबादले
- मुंबई पुलिस की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) लक्ष्मी गौतम का तबादला कर उन्हें महाराष्ट्र राज्य का स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) नियुक्त किया गया है।
- जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी को ट्रैफिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
- दूसरी ओर, ट्रैफिक विभाग संभाल रहे अनिल कुंभारे को अब जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है।
- इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस निशित मिश्रा और जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (प्रशासन) जय कुमार को पदोन्नति देकर स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस बनाया गया है।
- इसके अलावा स्पेशल IGP रैंक के सात अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें दत्ता कराले, प्रवीण पडवाल, मनोज शर्मा और सुवेज हक जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
मुंबई पुलिस में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस महेश पाटिल और परमजीत सिंह दहिया का तबादला किया गया है। साथ ही तीन डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) दीक्षित गेदम, प्रवीण मुंडे और कृष्णकांत उपाध्याय को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, 2003 बैच के IPS अधिकारी राजेश प्रधान को मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग का प्रमुख बनाया गया है।




