उत्तरप्रदेश

गाजियाबाद में टास्क और रेटिंग कराने के नाम पर ठगी, दो लोगों से ठग लिए 6 लाख रुपये

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने घर बैठे कमाई का लालच देकर दो लोगों से 6.38 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर टास्क और रेटिंग कराने के नाम पर ठगी की। रकम वापस नहीं मिलने पर ठगी का अहसास हुआ तो एक पीड़िता ने कविगनर थाने में और दूसरे पीड़ित ने मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या कहती हैं पीड़िता?

राजनगर सेक्टर-7 निवासी शिप्रा सिंघल ने बताया कि 16 से 18 अप्रैल के बीच उन्हें एक वॉटसऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने घर बैठ कमाई और रेटिंग टास्क पूरा कर मोटी कमाई का लालच दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क देकर रुपये दिए और भरोसा बनाया गया।

शिप्रा ने कहा कि इसके बाद अलग-अलग टास्क और रेटिंग के नाम पर उनसे तीन दिनों में 4,95,900 रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो शातिर बहाने बनाने लगे। इस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

अजय से भी हुई ठगी

मधुबन बापूधाम क्षेत्र में रहने वाले अजय कुमार से भी साइबर ठगों ने ठगी कर ली। उनसे 1.42 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत में अजय कुमार ने बताया कि उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन कार्य पूरा करने और घर बैठे कमाई का झांसा दिया। शातिरों ने इसके बाद उन्हें टेलीग्राम लिंक भेजकर अलग-अलग टास्क पूरे करने को कहा।

अजय कुमार ने बताया कि शुरुआत में एक हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद कई बार में उनसे कुल 1.42 लाख रुपये ले लिए। रकम मांगने पर शातिरों ने कहा कि टास्क गलत हो गया है। ठीक करने के लिए 2.10 लाख रुपये और जमा करने होंगे। इस पर उन्हें ठगी की शक हुआ।

हापुड़ में भी साइबर ठगी

हापुड़ के सिम्भावली में एक व्यक्ति ने साइबर ठगों पर फोन हैक कर खाते से 62 हजार रुपये उड़ाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव औरंगाबाद निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि 19 मई को मोबाइल फोन को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया था। मोबाइल हैक होने के बाद साइबर ठगों ने उसके नंबर पर यूपीआई सेवा सक्रिय कर ली और खाते से 62,459 रुपये निकाल लिए।

Related Articles

Back to top button