नोएडा-गाजियाबाद में भूकंप के झटके, तीव्रता 6.2, हाई राइज बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को हुआ महसूस

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में शनिवार की शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके अलावा बुलंदशहर, मेरठ तक धरती हिलती महसूस हुई। हालांकि, किसी भी शहर से अभी तक भूकंप के कारण किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार, अफगानिस्तार के हिंदूकुश इलाके में भूकंप का केंद्र था। भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 215 किलोमीटर की गहराई में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई है। नोएडा और गाजियाबाद के हाई राइज बिल्डिंगों में रहने वाले लोगों और ऑफिसों में काम करने वाले कर्मियों को भूकंप के कारण भवन कांपती हुई महसूस हुई। इसके बाद दहशत में आए लोग बिल्डिंगों से बाहर निकल आए।
जमीन के काफी नीचे केंद्र
भूकंप का केंद्र जमीन के काफी नीचे होने के कारण इसका बड़े इलाके तक असर दिखा। नोएडा-गाजियाबाद और पश्चिमी यूपी के अन्य भागों तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, लोगों ने जैसे ही धरती हिलती महसूस की, वे डरकर घरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर लोगों को घरों के बाहर निकल कर आफ्टर शॉक का इंतजार करते देखा गया।
हाई राइज बिल्डिंगों में भूकंप के तेज झटके साफ महसूस किए गए। इस दौरान वहां रहने और काम करने वाले लोगों को दौड़कर बाहर निकलते देखा गया। भूकंप की जानकारी भी लोग लेते दिखने लगे।
शाम 7 बजे आया भूकंप
नोएडा, गाजियाबाद और प्रदेश के अन्य इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। शाम 7 बजकर 4 मिनट पर अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जमीन से 215 किलोमीटर की गहराई में भूकंप के केंद्र होने के कारण प्रदेश के पश्चिमी भाग में कई शहरों में लोगों को भूकंप का झटका लगा है।




