सोने का दाम घटने की वजह से विदेशी मुद्रा भंडार को 5.6 billion की चपत

मुंबई: पिछले सप्ताह दुनिया भर के बाजार में सोने के दाम घटे हैं। इसका असर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign exchange reserves) पर भी दिखा है। इस सप्ताह सोने की वैल्यू में 5 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी होने से कुल मिला कर विदेशी मुद्रा भंडार काफी घट गया। इस दौरान अपने फॉरेन करेंसी एसेट भंडार में भी गिरावट हुई है।
Forex भंडार घट गया
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 26 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $5.654 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $963 million की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर $666.933 billion का रह गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर था।
FCA भंडार में मामूली कमी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 26 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में मामूली 150 मिलियन डॉलर की कमी हुई थी। इससे एक सप्ताह पहले तो इसमें $3.072 Billion की भारी कमी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार घट कर $541.067 billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व में भारी कमी
- आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम काफी घटे हैं।
- इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $5.394 billion की कमी हुई है।
- एक सप्ताह पहले इसमें $4.110 Billion की बढ़ोतरी हुई थी।
- अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू घट कर $102.536 billion का रह गया है।
- मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था।
- यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है।
एसडीआर में मामूली गिरावट
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) मामूली 89 मिलियन डॉलर की गिरावट हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें 52 मिलियन डॉलर की गिरावट हुई थी। इस समय अपना कुल एसडीआर $18.558 Billion का है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में भी 21 मिलियन डॉलर की कमी हुई है। इसमें एक सप्ताह पहले भी 22 मिलियन डॉलर की कमी दर्ज की गई थी। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.772 billion का है।




