सोचा नहीं था, प्लेन के नीचे सोना पड़ेगा, SpiceJet की मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट कैंसल, यात्रियों ने टारमैट पर गुजारी रात

मुंबई : सोचिए, घंटों की देरी के बाद आप फ्लाइट में बैठते हैं, सेफ्टी ब्रीफिंग सुनते हैं और फिर आपसे कहा जाता है कि नीचे उतर जाइए क्योंकि विमान उड़ान नहीं भरेगा। 1 नवंबर को स्पाइसजेट की एक फ्लाइट के साथ ऐसा ही हुआ। मुंबई से गोरखपुर जानेवाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। यूजर्स को नीचे उतार दिया गया और वे आधीरात टारमैट पर लेटे हुए नजर आए। लोगों ने टारमैक पर लेटे हुए अपने इसी बुरे अनुभव के बारे में बताया। विजय लक्ष्मी माल्या ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस तरह एक विमान के नीचे लेटना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने कैमरा घुमाकर दिखाया कि वहां मौजूद अन्य यात्री भी टारमैक पर इंतजार कर रहे थे।
एयरपोर्ट के टारमैट पर कुछ यात्री बैठे हुए थे, जबकि कुछ लोग खड़े थे। वे सभी इस इंतजार में थे कि एयरलाइन इस स्थिति को कैसे सुलझाती है। यह घटना स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 553 से जुड़ी है, जिसमें पूरे दिन कई बार देरी हुई थी, लेकिन आखिरकार यात्रियों को विमान में बैठने की अनुमति दे दी गई थी।
रोते-चिल्लाते नजर आए बच्चे
बताया जा रहा है कि 1 नवंबर 2026 को मुंबई से गोरखपुर जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG553 के यात्रियों को कुछ ऐसा ही अनुभव हुआ। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों को चिल्लाते, बच्चों को रोते और अफरा-तफरी मचते हुए देखा जा सकता है। फ्लाइट के तय समय से ठीक पहले रद्द होने के बाद, एक यात्री ने एयरलाइन के काम करने के तरीके पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि फ्लाइट रद्द होने की घोषणा से पहले यात्रियों को विमान में चढ़ने (बोर्डिंग) की अनुमति क्यों दी गई।
फ्लाइट रद्द होने के बाद मची अफरा-तफरी का वायरल वीडियो
यात्री विजय लक्ष्मी मल्या द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में फ्लाइट रद्द होने के बाद का तनावपूर्ण माहौल दिखाई दे रहा है। विमान से नीचे उतरने की तैयारी कर रहे यात्री काफी परेशान नजर आ रहे थे और कई लोग गुस्से में आवाज भी उठा रहे थे। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाइट रद्द होने की घोषणा करने के बाद पायलट और क्रू मेंबर वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि घोषणा करने के बाद सभी क्रू मेंबर और पायलट चले गए। यात्री घबरा रहे हैं, यही हाल है। यह स्पाइसजेट 335 है। यह बिल्कुल पागलपन है और इसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने एयरलाइन के रवैये और फंसे हुए यात्रियों को दी गई मदद पर सवाल उठाए।
स्पाइसजेट की फ्लाइट SG553 क्यों रद्द हुई?
स्पाइसजेट ने स्पष्ट किया कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर ‘वॉच-ऑवर’ (परिचालन समय) से जुड़ी पाबंदियों के कारण फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन ने बताया कि गोरखपुर एक डिफेंस एयरपोर्ट है, जहां रात 9 बजे के बाद विमानों का परिचालन नहीं किया जा सकता। स्पाइसजेट की फ्लाइट SG553 को गोरखपुर एयरपोर्ट पर ‘वॉच-ऑवर’ पाबंदियों के कारण रद्द कर दिया गया।
यात्रियों ने सवाल उठाया कि बोर्डिंग की अनुमति क्यों दी गई
हालांकि एयरलाइन ने परिचालन संबंधी कारण बता दिया, लेकिन एक यात्री ने एक और अहम सवाल उठाया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाइट के रवाना होने का समय कई बार बदला गया। बताया गया है कि यात्रियों को विमान में सवार होने, सुरक्षा संबंधी जानकारी (सेफ्टी ब्रीफिंग) पूरी करने और लगभग एक घंटे तक विमान के अंदर बैठे रहने दिया गया, जिसके बाद उन्हें फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एयरलाइन को पहले से ही एयरपोर्ट की पाबंदियों के बारे में पता था, तो फिर यात्रियों को विमान में क्यों चढ़ने दिया गया?
यात्री ने लिखा कि यह सिर्फ कोई असुविधा नहीं है, बल्कि पूरी तरह से पेशेवर लापरवाही है। उन्होंने इसके लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। स्पाइसजेट ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों को ले जाने के लिए 2 नवंबर को एक अतिरिक्त कमर्शियल फ्लाइट तय की। एयरलाइन ने इस व्यवधान पर खेद जताया और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।




