उत्तरप्रदेश

सीतापुर में अनोखी कहानी! पति और प्रेमी के साथ एक ही घर में रह रही महिला, भरती है 2 मांग

अक्सर जब भी ‘पति, पत्नी और वो (प्रेमी)’ की कहानियां सामने आती हैं, तो उनका अंत बेहद खौफनाक होता है. किसी का शव सूटकेस या ड्रम में मिलता है, तो किसी को पहाड़ से धक्का दे दिया जाता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के सीतापुर (Sitapur News) से एक ऐसी अजब-गजब प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर आम जनता तक, सबका सिर चकरा दिया है. यहां एक महिला अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रह रही है और चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आदमियों को इससे कोई एतराज नहीं है.

यह पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली इलाके (Mahmudabad Kotwali) का है. फुलवारीपुर गांव के रहने वाले शुभम वर्मा की शादी 10 साल पहले अंजू वर्मा से हुई थी. दोनों के दो बच्चे भी हैं. सब कुछ ठीक चल रहा था कि तभी अंजू की जिंदगी में उमेरा गांव के नितिन शर्मा की बतौर ‘प्रेमी’ एंट्री हो गई.

मामला तब थाने पहुंच गया जब अंजू अपने पति, प्रेमी और दोनों बच्चों को लेकर कोतवाली पहुंच गई. अंजू ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके ससुर और ननद उसे घर में रहने नहीं दे रहे हैं, जबकि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है. पत्नी का यह भी दावा है कि वह अपनी मांग में दोनों (पति और प्रेमी) के नाम का सिंदूर भरती है.

पति बोला- पहले जान देनी चाही, अब साथ रहना मंजूर

इस रिश्ते को लेकर जब पति शुभम से बात की गई, तो उसका दर्द भी छलका. शुभम ने बताया कि जब उसे इस प्रेम प्रसंग (Love Triangle) का पता चला, तो उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करनी चाही थी. लेकिन अब वह सब कुछ जानते हुए भी पत्नी और उसके प्रेमी के साथ रहने को तैयार है. वहीं, प्रेमी नितिन का कहना है कि बच्चे दोनों के हैं, इसलिए वे सब साथ रहेंगे. जब मासूम बच्चों से पूछा गया, तो उन्होंने भी मासूमियत से जवाब दिया कि वे ‘मम्मी, पापा और चाचू (प्रेमी)’ के साथ रहना चाहते हैं.

ससुर ने निकाला, तो पुलिस ने दिलवाया सामान

अंजू के ससुर को यह ‘मॉडर्न रिश्ता’ बिल्कुल भी मंजूर नहीं था. जब बात नहीं बनी, तो पुलिस ने भी बालिग होने के नाते अंजू, शुभम और नितिन को उनकी मर्जी पर छोड़ दिया. पुलिस ने ससुर के घर से शुभम का सारा सामान मंगवाकर उन्हें सौंप दिया. अब यह अनोखा परिवार पति, पत्नी, प्रेमी और दो बच्चे- समाज के तानों से दूर एक ही छत के नीचे (One Roof) अपनी नई दुनिया बसा कर रह रहा है.

Related Articles

Back to top button