महाराष्ट्र

मुंबई: गणपति शोभायात्रा पर क्यों फेंके थे अंडे? गिरफ्तार

मुंबई में गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है. ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा की मूर्तियां पंडालों में विराजमान की जा रही हैं. लेकिन इसी बीच 23 अगस्त 2026 को भायखला इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने सार्वजनिक शांति और सुव्यवस्था में खलल डाल दिया. यहां ‘माझगांवचा मोरया’ (Mazgavcha Morya) गणपति मंडल की भव्य आगमन शोभायात्रा पर किसी अज्ञात शख्स ने अंडे फेंक दिए (Egg thrown on Ganpati Procession). इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया. मामले की नजाकत को समझते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और महज 36 घंटे के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

5 टीमें बनीं, 36 घंटे में सुलझी गुत्थी

धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली इस घटना के बाद भायखला पुलिस (Byculla Police) ने तुरंत एक्शन लेते हुए बीएनएस (BNS) की धारा 299 और 196 के तहत एफआईआर दर्ज की. अज्ञात आरोपी को पकड़ने के लिए तत्काल 5 पुलिस जांच दल गठित किए गए. इन टीमों ने तकनीकी जांच (Technical Investigation) और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 22 वर्षीय आरोपी दानिश शेर खान (Danish Sher Khan) की पहचान कर ली. सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की और दानिश को गिरफ्तार कर लिया.

पटाखों के धुएं से चिढ़कर डिलीवरी बॉय ने किया कृत्य

पुलिस की पूछताछ में इस दुस्साहसिक कृत्य की जो वजह सामने आई, वह बेहद हैरान करने वाली थी. दरअसल, गिरफ्तार आरोपी दानिश खान ऑनलाइन ऑर्डर पर अंडे की होम डिलीवरी (Egg Delivery Boy) का काम करता है. घटना वाले दिन वह रामभाऊ भोगले मार्ग पर एक इमारत में अंडे पहुंचाने जा रहा था. उसी दौरान वहां से बप्पा की शोभायात्रा गुजर रही थी.

पूछताछ में दानिश ने बताया कि शोभायात्रा में फोड़े जा रहे पटाखों के धुएं से उसे परेशानी हो रही थी. धुएं के कारण उसके मन में इतना गुस्सा भर गया कि उसने अपना आपा खो दिया और डिलीवरी वाले अंडे ही शोभायात्रा की भीड़ पर फेंक दिए. फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और इलाके में पूरी तरह से शांति कायम है.

Related Articles

Back to top button