स्वास्थ्य

बेबी प्लान कर रहे हैं, तो खान-पान से लेकर नींद तक इन आदतों पर दें ध्यान

जौनपुर: अगर आप भी माता-पिता बनने की सोच रहे हैं तो कुछ जरूरी बातों का पहले से ध्यान रखना बेहद जरूरी है. गर्भधारण केवल सही समय पर प्रयास करने से ही नहीं, बल्कि महिला और पुरुष दोनों की बेहतर सेहत और सही जीवनशैली से भी जुड़ा है. स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबर खान के अनुसार माता-पिता बनने की योजना बना रहे दंपती अगर दो महत्वपूर्ण बातों का विशेष ध्यान रखें तो गर्भधारण की संभावना को बेहतर किया जा सकता है.

पहली बात- सही समय और ओव्यूलेशन का ध्यान रखें

डॉ. अंबर खान ने बताया कि गर्भधारण के लिए महिला के ओव्यूलेशन यानी अंडोत्सर्जन के समय को समझना बहुत महत्वपूर्ण है. हर महीने महिला के शरीर में एक समय ऐसा आता है जब अंडा रिलीज होता है. यही समय गर्भधारण के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है. इसलिए दंपती को महिला के मासिक चक्र और ओव्यूलेशन के समय की जानकारी होनी चाहिए.

उन्होंने बताया कि हर महिला का मासिक चक्र अलग हो सकता है, इसलिए केवल कैलेंडर के आधार पर सही दिन तय करना हमेशा सटीक नहीं होता. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से ओव्यूलेशन ट्रैक किया जा सकता है. इससे गर्भधारण के लिए सही समय पर प्रयास करने में मदद मिलती है.

दूसरी बात- दोनों की सेहत पर दें ध्यान

माता-पिता बनने की तैयारी में केवल महिला की सेहत ही नहीं, बल्कि पुरुष की सेहत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. डॉ. अंबर खान के अनुसार दंपती को अपनी जीवनशैली पर ध्यान देना चाहिए. पौष्टिक भोजन, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि और तनाव को कम रखना प्रजनन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है.

धूम्रपान और तंबाकू जैसी आदतों से दूरी बनाना भी जरूरी है. अत्यधिक शराब का सेवन और अस्वस्थ जीवनशैली प्रजनन क्षमता पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है. इसलिए गर्भधारण की योजना बनाने से पहले दोनों पार्टनर को अपनी दिनचर्या और खान-पान को बेहतर करने की कोशिश करनी चाहिए.

डॉक्टर की सलाह से कराएं जरूरी जांच

डॉ. अंबर खान ने बताया कि यदि दंपती काफी समय से गर्भधारण की कोशिश कर रहे हैं और सफलता नहीं मिल रही है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में महिला और पुरुष दोनों की चिकित्सकीय जांच जरूरी हो सकती है. कई बार छोटी-सी समस्या की पहचान और समय पर इलाज से गर्भधारण में मदद मिल सकती है.

उन्होंने कहा कि माता-पिता बनने की योजना बना रहे दंपती को इंटरनेट पर मिलने वाली हर जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए. सही समय, स्वस्थ जीवनशैली और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय मार्गदर्शन अपनाकर गर्भधारण की संभावना को बेहतर किया जा सकता है.

Related Articles

Back to top button