बॉलीवुड में काम करना चाहती है ताकतवर मुल्क के डिप्टी PM की बेटी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से लगाई सिफारिश

नई दिल्ली: भारतीय फिल्मों को ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल में लगातार जगह मिल रही है. उन्हें ग्लोबल लेवल पर डिस्ट्रीब्यूशन के सौदे मिल रहे हैं. भारतीय सिनेमा की बढ़ती पहुंच इसके बॉक्स-ऑफिस नंबरों में भी झलकती है, जहां कई फिल्मों ने दुनिया भर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है, वहीं भारतीय दर्शकों के इतर लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी इसे मानते हैं. उन्होंने बॉलीवुड को एक ‘ग्लोबल ब्रांड’ बताया है.
मंत्री पीयूष गोयल ने खुलासा किया कि दुनिया के एक पावरफुल देश के उप-प्रधानमंत्री ने उनसे संपर्क किया है, क्योंकि उनकी बेटी भारतीय सिनेमा में काम करना चाहती है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पीयूष गोयल ने कहा, ‘बॉलीवुड अब एक ऐसा ब्रांड बन गया है जिसे पूरी दुनिया जानती है. दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक के उप-प्रधानमंत्री मुझसे लगातार संपर्क कर रहे हैं, क्योंकि उनकी बेटी बॉलीवुड में काम करना चाहती है.’ पीयूष गोयल का बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय सिनेमा अपनी ग्लोबल पहुंच बढ़ा रहा है. यहां की फिल्में ग्लोबल दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं और दुनिया भर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर रिलीज हो रही हैं. इसका ताजा मिसाल ‘रामायण’ है, जिसे नमित मल्होत्रा ने ‘मार्वल’, ‘स्टार वार्स’ और ‘डीसी’ से ज्यादा बड़ा प्रोजेक्ट बनाया.
‘रामायण’ की दुनियाभर में चर्चा
फिल्म ‘रामायण’ दुनियाभर में 5000 हजार से ज्यादा स्क्रीन्स पर 5 नवंबर को रिलीज होगी. इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अहम भूमिकाओं में हैं. 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज से पहले ‘रामायण’ का 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जहां इसकी खूब तारीफ हुई. फिल्म के संगीत के लिए ऑस्कर विजेता जर्मन संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान एक-साथ आए हैं. वहीं, फिल्म के विज़ुअल इफेक्ट्स का काम ‘DNEG’ संभाल रहा है, जो एक ग्लोबल विज़ुअल इफेक्ट्स स्टूडियो है और इसमें नमित मल्होत्रा की कंपनी ‘प्राइम फोकस’ की भी हिस्सेदारी है.
‘आरआरआर’-‘धुरंधर’ को मिले ग्लोबल दर्शक
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ के भी दुनियाभर में खूब चर्चे हुए. फिल्म ने साल 2025 में दुनिया भर में 1,350 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे. इसके सीक्वल, ‘धुरंधर 2’ ने दुनिया भर में 1,813 करोड़ रुपये की कमाई की. रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने भी दुनिया भर में शानदार कलेक्शन किया. इसने तीन हफ्तों में 755 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. अगर बॉक्स-ऑफिस नंबरों को छोड़ दें, तो भारतीय सिनेमा ग्लोबल मंच पर सराही गई है. एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने ‘नाटू नाटू’ गाने के लिए ‘बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग’ का अकादमी अवॉर्ड जीता. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद इसे दुनियाभर में बड़ा दर्शक वर्ग मिला.




