सड़क, सेतु और भवन निर्माण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा

रायपुर. लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने आज बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं तथा सभी कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर सड़क, सेतु और भवन निर्माण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने आरआरपी (Road Requirement Plan) और केंद्र प्रवर्तित आर.सी.पी.एल.डब्लू.ई.ए. (Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) के तहत स्वीकृत सड़कों और पुलों के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की.
डॉ. सिंह ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अनुबंधित समय-सीमा में काम नहीं करने वाले ठेकेदारों को डिग्रेड व टर्मिनेट करने के निर्देश दिए. उन्होंने बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता को गंभीरता से सभी तरह के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग करने को कहा. उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए. लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी भी बैठक में शामिल हुए.


