महाराष्ट्रराष्ट्रीय

देश में हाईटेक तरीके से होगा गोला-बारूद का निर्माण, रक्षा मंत्री ने नागपुर में किया फैक्टरी का उद्घाटन

नागपुर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में सोलर इंडस्ट्रीज द्वारा निर्मित मीडियम कैलिबर एम्युनिशन फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि जब वह ऐसे निजी क्षेत्र के रक्षा संयंत्र देखते हैं, तो उन्हें सिर्फ एक फैक्टरी नहीं, बल्कि नया संकल्प, नई ऊर्जा और नवाचार दिखाई देता है। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि एक समय ऐसा था, जब रक्षा उत्पादन लगभग पूरी तरह सार्वजनिक क्षेत्र तक सीमित था। निजी कंपनियों की भागीदारी बहुत कम थी, लेकिन बीते वर्षों में इस सोच को बदला गया। धीरे-धीरे हमने इस सोच को बदलने के लिए प्रयास किए। आज निजी क्षेत्र रक्षा उत्पादन में बड़ी भूमिका निभा रहा है और देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी से न सिर्फ उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

इससे भारत वैश्विक रक्षा बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज युद्ध सिर्फ बंदूक और गोलियों तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर स्पेस, ड्रोन, मोबाइल फोन, अंतरिक्ष और मीडिया भी युद्ध का हिस्सा बन चुके हैं। भारतीय सशस्त्र बलों ने बदलते हालात के अनुसार खुद को तेजी से अपग्रेड किया है, जो देश के लिए गर्व की बात है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने पहलगाम हमले की जवाबी कार्रवाई में कहा कि इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई देश के सशस्त्र बलों पर जनता के भरोसे का प्रमाण है।

तीनों सेनाओं को मिलेगी मजबूती

मीडियम कैलिबर एम्युनिशन फैसिलिटी की खासियत नागपुर में बनी यह अत्याधुनिक फैसिलिटी सौर उद्योग द्वारा तैयार की गई है। यहां आधुनिक तकनीक से मीडियम कैलिबर गोला-बारूद का निर्माण किया जाएगा। इससे भारतीय सशस्त्र बलों को समय पर और उच्च गुणवत्ता वाला एम्युनिशन उपलब्ध होगा और आयात पर निर्भरता कम होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इससे तीनों सेनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button