राष्ट्रपति भवन में एट होम समारोह: पीएम मोदी समेत कई हस्तियां पहुंचीं; वंदे मातरम और राष्ट्रगान से हुई शुरुआत

स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में ‘एट होम’ समारोह हुआ। पीएम मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, अश्विनी वैष्णव और पैरा-क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन समेत कई लोग इसमें शामिल हुए।
राष्ट्रपति भवन का ‘एट होम’ समारोह क्या है?
स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किले पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम देश का मुख्य समारोह होता है। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति का ‘एट होम’ समारोह भी स्वतंत्रता दिवस की अहम परंपरा है। इस बार 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसकी मेजबानी की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पैरा-क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन समेत कई खास मेहमान पहुंचे।
इसे क्यों आयोजित किया जाता है?
‘एट होम’ राष्ट्रपति की ओर से आयोजित एक औपचारिक स्वागत समारोह है। इसका मकसद स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के अलग-अलग क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों, विशिष्ट लोगों और उपलब्धि हासिल करने वालों को एक जगह लाना है। इस समारोह में सार्वजनिक जीवन की प्रमुख हस्तियां, राजनयिक समुदाय, मीडिया और दूसरे विशिष्ट मेहमान राष्ट्रपति तथा अन्य गणमान्य लोगों से मिलते हैं।

इस बार कितने मेहमान बुलाए गए?
2026 में भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति के ‘एट होम’ समारोह में करीब 650 मेहमानों को आमंत्रित किया गया। इस साल कार्यक्रम का खास जोर महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की विरासत पर रखा गया। इन राज्यों की कला, शिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं को समारोह में जगह दी गई।
इस बार आमंत्रित खास मेहमानों में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के पैरा-क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन को भी राष्ट्रपति का निमंत्रण मिला। बचपन में हादसे में उन्होंने दोनों हाथ खो दिए थे। इसके बावजूद उन्होंने क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई।
राष्ट्रपति भवन में एट होम समारोह के दौरान कई विदेशी मेहमान भी शामिल हुए। अफगानिस्तान (तालिबान सरकार) के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने भी हिस्सा लिया। उनकी पीएम मोदी और राजनाथ सिंह से मुलाकात भी हुई।




