मनोरंजन

इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान का प्राउड मोमेंट, ‘इंडियन आइडल’ विनर ज्योतिर्मयी को दी बधाई, जताया गर्व

नई दिल्ली. ओडिशा की प्रतिभाशाली गायिका ज्योतिर्मयी नायक ने अपनी सुरीली आवाज, अटूट मेहनत और शानदार गायकी के दम पर ‘इंडियन आइडल 16’ का खिताब अपने नाम कर लिया है. वो इस पॉपुलर रियालिटी शो के 16वें सीजन की विनर रहीं. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे ओडिशा का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. ओडिशा की बेटी ज्योतिर्मयी नायक की इस बड़ी जीत के मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें बधाई देते हुए गर्व जताया है.

धर्मेंद्र प्रधान एक्स पर पोस्ट करते हुए ज्योतिर्मयी नायक की इस उपलब्धि को राज्य के लिए एक गर्व का अवसर मानते हैं. वो अपने पोस्ट में लिखते हैं, ‘ओडिशा की बेटी ज्योतिर्मयी नायक को इंडियन आइडल 16 का विजेता बनने पर हार्दिक बधाई. अपनी मधुर आवाज और अथक मेहनत के दम पर उन्होंने पूरे देश में ओडिशा का नाम रोशन किया है. उनकी वर्षों की कड़ी साधना, समर्पण और इस उपलब्धि से राज्य के युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरणा मिलेगी.’

धर्मेंद्र प्रधान ने जताया गर्व

6 कंटेस्टेंट्स को हराकर मारी बाजी

ज्योतिर्मयी ने पूरे सीजन के दौरान अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस से जजों और दर्शकों का दिल जीता. हर प्रदर्शन में उनकी गायकी की गहराई, भावनाओं की अभिव्यक्ति और सुरों पर मजबूत पकड़ देखने को मिली. यही वजह रही कि उन्हें लगातार दर्शकों का प्यार और भरपूर वोट मिले, जिसने उन्हें इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी तक पहुंचाया.

विनर को मिला 20 लाख रुपये का कैश

ज्योतिर्मयी नायक को इंडियन आइडल के ग्रैंड फिनाले में तनिष्क शुक्ला से कड़ी टक्कर मिली. चमचमाती ट्रॉफी के लिए दोनों के बीच कांटे की टक्कर थी, लेकिन आखिरकार ज्योतिर्मयी ने बाजी मारते हुए शो के विनर का खिताब अपने नाम कर लिया. इस ट्रॉफी के साथ ही उन्हें 20 लाख रुपये का कैश प्राइज मिला.

देश के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो का विजेता बनकर ज्योतिर्मयी ने यह साबित कर दिया कि लगन, मेहनत और प्रतिभा के सामने कोई भी मंजिल दूर नहीं होती. सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें जमकर बधाई दे रहे हैं. लोग उनकी जीत पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिख रहे हैं कि वो वाकई जीतने के काबिल थीं.

Related Articles

Back to top button